ऋषभदेव पुलिस ने बाइक चोरी का किया खुलासा, शातिर आरोपी गिरफ्तार कर चोरी की मोटरसाइकिल बरामद
ऋषभदेव में बाइक चोरी मामले का पुलिस ने किया खुलासा, शातिर आरोपी गिरफ्तार कर चोरी की होंडा शाइन मोटरसाइकिल बरामद की।
ऋषभदेव थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की गई बाइक बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहान के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रजत विश्नोई एवं वृत्ताधिकारी छगन पुरोहित के सुपरविजन तथा थानाधिकारी हेमन्त अहारी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम के माध्यम से की।
पुलिस के अनुसार बिलखा सीमावत निवासी नारायणलाल मीणा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 16 जुलाई 2026 को उसने अपनी होंडा शाइन मोटरसाइकिल (आरजे 27 बीजे 3760) ऋषभदेव धर्मशाला के पास खड़ी की थी। मजदूरी से लौटने के बाद दोपहर करीब 3 बजे जब वह मौके पर पहुंचा तो उसकी मोटरसाइकिल वहां नहीं मिली।
मामले की गंभीरता को देखते हुए ऋषभदेव थाना पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध लोकेश कुमार को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान लोकेश कुमार पुत्र भगवानलाल, निवासी खुटानेरी फला विकला, थाना ऋषभदेव, जिला उदयपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई होंडा शाइन मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त कर ली। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागृह डूंगरपुर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी हेमन्त अहारी, उपनिरीक्षक जोरावर सिंह तथा कांस्टेबल अनुज सिंह, दशरथ सिंह, नरेन्द्र सिंह एवं आशुतोष की विशेष भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई से मोटरसाइकिल चोरी के मामले का सफलतापूर्वक खुलासा हुआ।