दो वर्ष पुराने यात्रा बिलों के भुगतान को लेकर शिक्षा मंत्री और निदेशक को पत्र
दो वर्ष पुराने यात्रा बिलों के भुगतान को लेकर शिक्षक संघ ने उठाई मांग, शिक्षा मंत्री और निदेशक से स्पष्ट दिशा-निर्देश व बजट की मांग।
राजस्थान शिक्षक संघ (एकीकृत) के प्रदेश उपाध्यक्ष भारत भूषण जोशी खेरवाड़ा ने शिक्षा मंत्री, राजस्थान सरकार तथा माध्यमिक शिक्षा निदेशक, बीकानेर को पत्र भेजकर दो वर्ष से अधिक समय से लंबित यात्रा बिलों के भुगतान का शीघ्र समाधान करने की मांग की है।
जोशी ने बताया कि राज्य सरकार ने वेतन, पेंशन, ट्रेजरी कार्य, यात्रा एवं मेडिकल बिलों के लिए पहले उपयोग किए जाने वाले पे-मैनेजर सिस्टम के स्थान पर आईएफएमएस 3.0 पोर्टल लागू किया है, लेकिन इस पोर्टल पर दो वर्ष से अधिक पुराने लंबित यात्रा बिलों के भुगतान को लेकर अभी तक स्पष्ट दिशा-निर्देश उपलब्ध नहीं हैं। इसके कारण प्रदेशभर के कई कर्मचारी असमंजस और परेशानी का सामना कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि उनके सहित अनेक कर्मचारियों के पुराने यात्रा बिल संयुक्त निदेशक स्तर से प्री-चेक करवाकर ट्रेजरी भेजे गए थे, लेकिन पर्याप्त बजट उपलब्ध नहीं होने के कारण ट्रेजरी द्वारा इन्हें बार-बार संबंधित डीडीओ को वापस भेज दिया गया। यह प्रक्रिया कई वर्षों से जारी है, जिसके चलते लाखों रुपये के वैध भुगतान लंबित हैं।
जोशी ने कहा कि डीडीओ द्वारा समय-समय पर बजट उपलब्ध कराने के लिए निदेशक कार्यालय को पत्र भेजे गए, लेकिन इसके बावजूद यात्रा एवं मेडिकल बिलों का भुगतान नहीं हो पाया। उन्होंने बताया कि कई कर्मचारी सेवानिवृत्ति के निकट पहुंच चुके हैं, फिर भी उनके बकाया भुगतान का निस्तारण नहीं हुआ है।
राजस्थान शिक्षक संघ (एकीकृत) के प्रदेश उपाध्यक्ष भारत भूषण जोशी ने शिक्षा मंत्री एवं माध्यमिक शिक्षा निदेशक से आग्रह किया है कि आईएफएमएस 3.0 पोर्टल पर दो वर्ष से अधिक पुराने लंबित यात्रा बिलों के निस्तारण और भुगतान के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। साथ ही आवश्यक बजट उपलब्ध कराकर कर्मचारियों के लंबित भुगतानों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।