राउमावि बाठरड़ा कलां में शिक्षक दिवस पर सम्मान समारोह, ग्रामीणों ने शिक्षकों को किया सम्मानित
बाठरड़ा कलां के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शिक्षक दिवस पर ग्रामीणों और अभिभावकों ने शिक्षकों का तिलक, उपरणा और उपहार से सम्मान किया।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बाठरड़ा कलां में शिक्षक दिवस पर सम्मान पाने के बाद खड़ा स्टाफ।
खेरोदा के निकटवर्ती राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बाठरड़ा कलां में 5 सितंबर को शिक्षक दिवस समारोहपूर्वक एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में अभिभावकों और प्रबुद्ध ग्रामीणों ने विद्यालय के समस्त शिक्षक स्टाफ का सम्मान कर शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता जताई।
विद्यालय प्रधानाचार्य की अध्यक्षता में आयोजित समारोह की संपूर्ण व्यवस्था एवं संयोजन अभिभावकों एवं प्रबुद्ध ग्रामीणों द्वारा किया गया। इस दौरान ग्रामीण जीवन सिंह सारंगदेवोत, कालुलाल भोजलिया, सोहनलाल सालवी एवं भगवती लाल जैन सहित उपस्थित ग्रामवासियों ने विद्यालय के समस्त शिक्षक स्टाफ को तिलक लगाकर, उपरणा ओढ़ाकर एवं उपहार भेंट कर भावभीना सम्मान किया।
ग्रामीणों ने शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षकों के अमूल्य योगदान की सराहना करते हुए उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। समारोह में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी शिक्षकों के सम्मान में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावी मंच संचालन सोहनलाल सालवी ने किया। समारोह के अंत में विद्यालय परिवार ने ग्रामीणों एवं अभिभावकों द्वारा किए गए आत्मीय सम्मान और सहयोग के लिए आभार प्रकट किया।