नागफणी डिग्री कॉलेज खेरवाड़ा में शिक्षक दिवस समारोह के दौरान सामूहिक तस्वीर खिंचवाते शिक्षक और विद्यार्थी।

नागफणी डिग्री कॉलेज, खेरवाड़ा में 5 सितंबर को शिक्षक दिवस समारोह उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विद्यार्थियों ने महाविद्यालय के सभी शिक्षकों को उपरणा ओढ़ाकर, श्रीफल और उपहार भेंट कर सम्मानित किया। महाविद्यालय की प्राचार्य की भूमिका में छात्रा मोनिका खराड़ी के नेतृत्व में सभी शिक्षकों का फूल बरसाकर कार्यक्रम स्थल तक स्वागत किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य योगेश कलाल ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि समय के साथ आगे बढ़ना जरूरी है। विद्यार्थियों को प्रत्येक कार्य में सक्रिय रूप से भाग लेते हुए अपने व्यक्तित्व और भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य योगेश कलाल, प्राध्यापक दिनेश मीणा, पूजा जैन एवं मोनिका खराड़ी ने दीप प्रज्वलित कर तथा पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की तस्वीर पर माल्यार्पण कर किया। इस अवसर पर मुकेश डामोर, शशिकांत जायसवाल, प्रियंका कलाल, ब्रियाना अहारी, शीला पलात, दिलीप प्रजापत एवं अचल जैन ने शिक्षक दिवस के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम में छात्रा कल्पना अहारी ने शिक्षक की भूमिका निभाते हुए हास्य-व्यंग्य नाटक प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति ने सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया और कार्यक्रम स्थल पर हास्य एवं मनोरंजन का माहौल बना दिया।

समारोह की विशेष बात यह रही कि महाविद्यालय के 2023-24 बैच के पूर्व विद्यार्थी भी शिक्षक दिवस के अवसर पर महाविद्यालय पहुंचे और अपने गुरुजनों का सम्मान किया। परिषा, राजेश मीणा, सोनल, अर्पित कुमार, कविता, सोनिया, अंजली एवं गोविंद कुमार सहित विद्यार्थियों ने अपनी-अपनी प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को यादगार बनाया।

कार्यक्रम का संचालन छात्रा हिमांशी भोई ने किया। विद्यार्थियों द्वारा आयोजित इस सम्मान समारोह में गुरु-शिष्य परंपरा की सुंदर झलक देखने को मिली। समारोह ने शिक्षकों के प्रति विद्यार्थियों के सम्मान, स्नेह और भावनात्मक जुड़ाव को भी प्रदर्शित किया।

Tags: