तस्वीर में निंबाहेड़ा कांग्रेस कार्यालय के बाहर खड़े उदयलाल आंजना, भैरू लाल पूरबिया और अन्य कार्यकर्ता।

निंबाहेड़ा नगर परिषद चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। भाजपा पश्चिम मंडल के युवा मोर्चा उपाध्यक्ष भैरू लाल पूरबिया ने पार्टी का साथ छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। यह राजनीतिक घटनाक्रम शनिवार को ब्लॉक एवं नगर कांग्रेस कमेटी कार्यालय, निंबाहेड़ा में हुआ।

सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में पूर्व सहकारिता मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता उदयलाल आंजना ने भैरू लाल पूरबिया को कांग्रेस का दुपट्टा ओढ़ाकर उनका स्वागत किया और विधिवत पार्टी की सदस्यता दिलाई।

कांग्रेस में शामिल होने के बाद भैरू लाल पूरबिया ने एक वीडियो जारी कर बीजेपी छोड़ने के कारणों को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि वे पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना की कार्यशैली तथा उनकी रीति-नीति से बेहद प्रभावित हैं और इसी वजह से उन्होंने कांग्रेस का दामन थामा है।

पूरबिया ने स्पष्ट किया कि उनका यह निर्णय किसी राजनीतिक फायदे या टिकट की लालसा के कारण नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी में उन्हें और उनके परिवार, माता-पिता को केवल इस्तेमाल किया गया तथा पार्टी ने उन्हें सिर्फ "दरिया उठाने" यानी सामान्य कार्यकर्ता की तरह मेहनत करने तक सीमित रखा। उन्होंने कहा कि इससे आहत होकर उन्होंने पार्टी छोड़ने का निर्णय लिया।

कांग्रेस में शामिल होने के बाद पूरबिया ने विश्वास जताया कि अब वे कांग्रेस की विचारधारा और नीतियों के साथ पूरी निष्ठा से निंबाहेड़ा क्षेत्र के विकास के लिए कार्य करेंगे। नगर परिषद चुनाव के बीच उनके पार्टी बदलने से स्थानीय राजनीतिक घटनाक्रम को अहम माना जा रहा है।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष गोपाल आंजना, महासचिव मनोज पारख, नुसरत खान, विधानसभा क्षेत्र युवा कांग्रेस अध्यक्ष जसवंत सिंह आंजना, केली कांग्रेस मंडल अध्यक्ष पिंकेश जैन, पारस आंजना, देवी लाल आंजना, गणपत आंजना, कालू कीर, किशन कीर, गोविन्द कीर, जिला फुटबॉल संघ सचिव फैसल खान, फरीद खान सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Tags: