खेरोदा में ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का प्रयास, तीन दिवसीय उद्यमिता प्रशिक्षण संपन्न
खेरोदा में एयू उद्योगिनी कार्यक्रम के तहत तीन दिवसीय उद्यमिता प्रशिक्षण संपन्न हुआ, जिसमें 50 ग्रामीण महिलाओं ने स्वरोजगार के गुर सीखे।
तस्वीर में हीता सेवा केंद्र के बाहर कार्यशाला का बैनर पकड़े ग्रामीणों का समूह।
खेरोदा में ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित तीन दिवसीय उद्यमिता विकास प्रशिक्षण (ईडीपी) का गुरुवार को समापन हुआ। मैजिक बस इंडिया फाउंडेशन एवं एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक के संयुक्त तत्वावधान में संचालित ‘एयू उद्योगिनी’ कार्यक्रम के तहत यह प्रशिक्षण हीता, केदारिया और कीर की चौकी में आयोजित किया गया। दोनों क्षेत्रों की कुल 50 महिलाओं ने प्रशिक्षण में भाग लेकर उद्यम शुरू करने और उसके सफल संचालन से जुड़े व्यावहारिक गुर सीखे।
तीन दिनों तक चले प्रशिक्षण सत्रों में प्रतिभागी महिलाओं को व्यवसाय चयन, व्यवसाय की शुरुआत, वित्तीय प्रबंधन, बाजार एवं विपणन (मार्केटिंग), ग्राहक प्रबंधन तथा दैनिक संचालन से संबंधित तकनीकी और व्यावहारिक जानकारियां दी गईं। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आवश्यक कौशल प्रदान कर स्वरोजगार के लिए तैयार करना तथा उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना रहा।
प्रशिक्षण सत्रों का संचालन एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक के गौरव चोबीसा तथा मैजिक बस इंडिया फाउंडेशन के प्रोजेक्ट मैनेजर अतुल एवं जाकिर खान ने किया। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं ने विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया, अपने अनुभव साझा किए और प्रशिक्षकों से मार्गदर्शन प्राप्त किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में मैजिक बस इंडिया फाउंडेशन की टीम के भुवनेश, सोनू, पिंकी, उषा, मनोज, चंदा, जिगर और पीरू सहित अन्य सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। प्रशिक्षण के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को उद्यमिता और स्वरोजगार से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई।