तस्वीर में बग्गड़ ग्राम पंचायत का प्रतिनिधिमंडल वल्लभनगर विधायक उदयलाल डांगी के साथ नजर आ रहा है।

खेरोदा के निकटवर्ती ग्राम पंचायत बग्गड़ के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में 320 विद्यार्थियों की पढ़ाई गंभीर संकट में है। विद्यालय में एक भी ऐसा कक्षा-कक्ष नहीं बचा है, जिसे सुरक्षित रूप से शिक्षण कार्य के लिए उपयोग किया जा सके। सुरक्षा कारणों से विद्यालय के 08 जर्जर कमरों को ढहा दिए जाने के बाद विद्यार्थियों को अलग-अलग स्थानों पर कक्षाएं संचालित करनी पड़ रही हैं।

कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों को स्थानीय अभिभावक के निजी घर में बैठकर पढ़ाई करनी पड़ रही है, जबकि कक्षा 6 और 7 के विद्यार्थी मंदिर परिसर में कक्षाएं लगा रहे हैं। शेष कक्षाएं टिन शेड, ग्राम पंचायत भवन के हॉल और स्मार्ट क्लासरूम के बरामदे में संचालित हो रही हैं। मानसून और बढ़ती गर्मी के बीच इस तरह पढ़ाई करना विद्यार्थियों के स्वास्थ्य के साथ-साथ उनकी सुरक्षा के लिए भी गंभीर चुनौती बना हुआ है।

वर्ष 2009-10 और 2014-15 में विद्यालय का क्रमोन्नयन किया गया था, लेकिन वर्षों बीत जाने के बाद भी नए कक्षा-कक्षों का निर्माण नहीं करवाया गया। इसके चलते विद्यालय का शैक्षणिक सत्र प्रभावित हो रहा है और विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित अध्ययन का वातावरण नहीं मिल पा रहा है।

विद्यालय की इस गंभीर स्थिति को लेकर ग्राम पंचायत बगड़ के प्रतिनिधि मंडल ने वल्लभनगर विधायक उदयलाल डांगी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधि मंडल ने विधायक डांगी को विद्यालय की दुर्दशा के साथ प्रशासनिक स्टाफ की कमी से भी विस्तार से अवगत कराया। विद्यालय में वर्तमान में 19 स्वीकृत पदों में से 10 पद रिक्त चल रहे हैं। इनमें उप-प्रधानाचार्य, व्याख्याता और वरिष्ठ अध्यापक जैसे महत्वपूर्ण पद शामिल हैं।

विधायक उदयलाल डांगी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल प्रभाव से शिक्षा मंत्री को पत्र प्रेषित किया। उन्होंने जल्द ही नए कक्षा-कक्षों का निर्माण कार्य शुरू करवाने का ठोस आश्वासन दिया। साथ ही विद्यालय परिसर में 15 दिनों के भीतर 'डोम' (छत) निर्माण कार्य शुरू करवाने की घोषणा की, जिससे विद्यार्थियों को कम से कम एक सुरक्षित स्थान पर पढ़ाई की सुविधा मिल सके।

इसके अतिरिक्त विधायक डांगी ने चारभुजा मंदिर परिसर में भी 15 दिनों के भीतर लाइट लगवाने की घोषणा की।

प्रतिनिधि मंडल में ठाकुर साहब अनिरुद्ध सिंह, पूर्व सरपंच चंपालाल शर्मा, विधायक प्रतिनिधि भंवर रावत, माधु रावत, केसु मेंघवाल, रामेश्वर रावत, लक्ष्मण माली, भोलीराम गुर्जर, प्यार चौधरी, राम लाल माली, भगवत सिंह, प्रकाश माली, मांगी लाल रावत, किशन सिंह देवड़ा, बाबू लाल माली, देवी लाल रावत, केसु रावत, राम लाल रावत और मिट्ठू लाल रावत शामिल थे।

ग्रामीणों ने इस पूरी मुहिम में जगदीश जी चौबीसा (खेरोदा) के विशेष सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। अब ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन इस अति-संवेदनशील मामले में त्वरित कार्रवाई करेगा, ताकि विद्यालय के 320 विद्यार्थियों को सुरक्षित और सुव्यवस्थित शैक्षणिक वातावरण मिल सके।

Tags: