करणी सेना ने यूजीसी कानून के प्रावधानों के रोलबैक की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन
टीएसपी क्षेत्र में समान अवसर और यूजीसी कानून के वर्तमान प्रावधानों के रोलबैक की मांग को लेकर करणी सेना ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
तस्वीर में श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के कार्यकर्ता और पदाधिकारी खेरवाड़ा में राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपते हुए नजर आ रहे हैं।
खेरवाड़ा, श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के नेतृत्व में खेरवाड़ा, झाड़ोल-फलासिया, लाड़देश एवं नयागांव क्षेत्र के करणी सैनिकों और कार्यकर्ताओं ने टीएसपी क्षेत्र में शिक्षा, रोजगार एवं सरकारी योजनाओं में समान अवसर सहित यूजीसी कानून के वर्तमान प्रावधानों के रोलबैक की मांग को लेकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन नयागांव एवं खेरवाड़ा उपखंड अधिकारियों के माध्यम से भेजा गया।
ज्ञापन में कहा गया कि टीएसपी क्षेत्र में निवासरत सभी वर्गों के विद्यार्थियों को शिक्षा, सरकारी नौकरी, छात्रवृत्ति, छात्रावास एवं अन्य सरकारी योजनाओं में समान और न्यायसंगत अवसर मिलना चाहिए। क्षेत्र के विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए वर्तमान व्यवस्थाओं की समीक्षा कर आवश्यक सुधार किए जाने की मांग की गई।
करणी सैनिकों ने यूजीसी कानून के वर्तमान प्रावधानों का रोलबैक करने, आरक्षण व्यवस्था को आर्थिक एवं सामाजिक पिछड़ेपन के आधार पर अधिक न्यायसंगत बनाने तथा वास्तविक जरूरतमंदों को लाभ सुनिश्चित करने की मांग रखी। साथ ही टीएसपी क्षेत्र में विशेष स्वर्ण आयोग के गठन की मांग की गई, ताकि क्षेत्र की शैक्षणिक, आर्थिक एवं सामाजिक समस्याओं का अध्ययन कर उनके समाधान की दिशा में प्रभावी कार्य हो सके।
ज्ञापन में टीएसपी क्षेत्र के सभी वर्गों के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति एवं छात्रावास की सुविधा, उच्च शिक्षा व प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर शैक्षणिक संसाधन तथा रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की मांग भी की गई। पंचायती राज व्यवस्था में टीएसपी क्षेत्र के स्वर्ण समाज को ईडब्ल्यूएस प्रावधानों को ध्यान में रखते हुए उचित प्रतिनिधित्व एवं भागीदारी देने के लिए आवश्यक सुधार की मांग उठाई गई।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जीवन सिंह पड़ियार, प्रदेश मीडिया प्रभारी, करणवीर सिंह सिसोदिया राणावाड़ा, तहसील प्रभारी, रूप सिंह चौहान, अध्यक्ष, रणजीत सिंह सिसोदिया, तहसील अध्यक्ष फलासिया, चत्तर सिंह सोलंकी, गजब सिंह सिसोदिया, शंकर सिंह चौहान, कल्पेन्द्र सिंह सहित करणी सैनिक उपस्थित रहे।
करणी सैनिकों ने कहा कि टीएसपी क्षेत्र के प्रत्येक वर्ग के विद्यार्थियों को शिक्षा एवं रोजगार में आगे बढ़ने के समान अवसर मिलना आवश्यक है। उन्होंने ज्ञापन में उठाई गई मांगों पर गंभीरता से विचार कर उचित कार्रवाई की मांग की।