तस्वीर में चित्तौड़ा में आयोजित बैठक के दौरान फर्श पर बैठकर चर्चा करते हुए कुक-कम-हेल्पर और पंचायत प्रतिनिधि नजर आ रहे हैं।

खेरवाड़ा में कुक-कम-हेल्परों ने अपनी 15 सूत्रीय मांगों के समाधान को लेकर 24 से 26 अगस्त तक पोषाहार पकाने का बहिष्कार करने और तीन दिवसीय पड़ाव में शामिल होने का निर्णय लिया है। इसे लेकर कुक-कम-हेल्पर संघर्ष समिति नयागांव के पंचायत प्रतिनिधियों की चित्तौड़ा में बैठक आयोजित हुई।

बैठक में खेरवाड़ा में प्रस्तावित तीन दिवसीय पड़ाव को सफल बनाने के लिए 24, 25 व 26 अगस्त को पोषाहार पकाने का बहिष्कार कर पड़ाव में शामिल होने का आह्वान किया गया। इसके लिए आमंत्रण पत्र प्रत्येक कुक तक पहुंचाने की जिम्मेदारी पंचायत प्रतिनिधियों को सौंपी गई।

समिति की हिना परमार ने बताया कि वर्षों से ज्ञापन और धरना-प्रदर्शन किए जाने के बावजूद मांगों पर सुनवाई नहीं होने के कारण यह आंदोलन किया जा रहा है। कुक-कम-हेल्पर 24 से 26 अगस्त तक सीबीईओ कार्यालय एवं पंचायत समिति खेरवाड़ा के बाहर पड़ाव डालेंगे।

कुक सुशीला ने बताया कि प्रमुख मांगों में 13,500 रुपए मासिक वेतन, कुक-कम-हेल्परों को स्थायी करना, समय पर वेतन व डीबीटी भुगतान, पेंशन-ग्रेच्युटी, अवकाश, बीमा, पीएफ व ईएसआई सुविधा, अतिरिक्त कार्य पर अतिरिक्त भुगतान तथा पोषाहार व दूध गर्म करने के बकाया मानदेय का भुगतान शामिल है। समिति ने 15 सूत्रीय मांगों के समाधान की मांग की है।

बैठक के बाद प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी से मुलाकात कर प्रस्तावित पड़ाव एवं पोषाहार बहिष्कार की सूचना दी। प्रतिनिधिमंडल में पूनम चंद, भूरा लाल, हिम्मत लाल एवं जनवादी मजदूर यूनियन उदयपुर के सचिव जयंती लाल शामिल रहे।

इस आंदोलन के तहत 24 से 26 अगस्त तक पोषाहार बहिष्कार और सीबीईओ कार्यालय एवं पंचायत समिति खेरवाड़ा के बाहर पड़ाव प्रस्तावित है।

Tags: