रामगढ़ के सिद्धो-कान्हू मैदान में आयोजित होमगार्ड बहाली ट्रॉयल दौड़ के दौरान साड़ी पहनकर 1600 मीटर की दौड़ लगाती महिला अभ्यर्थी।

रामगढ़ जिले में होमगार्ड जवानों की बहाली होनी है। इससे पहले अभ्यर्थियों के लिए सिद्धो-कान्हू मैदान में ट्रायल दौड़ का आयोजन किया गया। 2 और 4 अक्टूबर को आयोजित इस ट्रायल दौड़ में बड़ी संख्या में महिला अभ्यर्थी शामिल हुईं। इस दौरान कई महिलाएं साड़ी पहनकर और नंगे पांव कड़ी धूप में 1,600 मीटर की दौड़ लगाती नजर आईं।

इनमें से एक महिला अभ्यर्थी ने साड़ी पहनकर दौड़ लगाई और कई अन्य लड़कियों को पीछे छोड़ते हुए अपनी दौड़ पूरी की। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो भी खूब वायरल हो रहा है। आयोजनकर्ताओं के अनुसार, कई महिलाओं ने साड़ी पहनकर दौड़ लगाई और वे इस प्रक्रिया में सेलेक्ट (चयनित) भी हुई हैं।

बहाली प्रक्रिया और आरक्षण का गणित

रामगढ़ के अलग-अलग प्रखंडों में कुल 284 पदों पर होमगार्ड जवानों की बहाली होनी है। यह बहाली प्रक्रिया इसी महीने 24 अक्टूबर से 5 नवंबर तक आयोजित की जाएगी।

विभाग द्वारा जारी विज्ञापन और नियमों के अनुसार:

  • इस बहाली में महिलाओं के लिए 50 फीसदी सीटें आरक्षित रखी गई हैं।
  • इसके अलावा, विधवा और तलाकशुदा महिलाओं के लिए अलग से 5 प्रतिशत पद आरक्षित किए गए हैं।

दौड़ के लिए तय किए गए मापदंड

होमगार्ड भर्ती में महिला अभ्यर्थियों को 1,600 मीटर की दौड़ 10 मिनट में पूरी करनी है। वहीं, 8 मिनट में यह दौड़ पूरी करने वाली अभ्यर्थियों के प्रदर्शन को एक्सीलेंट माना गया है। दूसरी ओर, पुरुष अभ्यर्थियों के लिए 1,600 मीटर की दौड़ पूरी करने का निर्धारित समय 5 मिनट रखा गया है।