तस्वीर में टोंक में रॉयल्टी प्रक्रिया शुरू करने की मांग को लेकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए भाजपा नेता राजेंद्र सैनी और ट्रैक्टर चालक.   

टोंक में बजरी परिवहन से जुड़े ट्रैक्टर मालिकों और वाहन चालकों ने रॉयल्टी प्रक्रिया दोबारा शुरू कराने समेत विभिन्न मांगों को लेकर जिला कलेक्टर टीना डाबी को ज्ञापन सौंपा। भाजपा नेता राजेंद्र सैनी के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में ट्रैक्टरों की रॉयल्टी प्रक्रिया पुनः शुरू कराने तथा खनिज परिवहन के लिए विधिवत रॉयल्टी रसीद और ई-रवन्ना जारी करने की मांग रखी गई।

ट्रैक्टर मालिकों ने बताया कि पिछले कुछ समय से ट्रैक्टरों की रॉयल्टी नहीं कटने और खनिज परिवहन के लिए विधिवत रवन्ना नहीं मिलने से ट्रैक्टर मालिकों, चालकों और श्रमिक वर्ग को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके चलते वाहन चालकों के सामने प्रशासनिक कार्रवाई और आर्थिक नुकसान की स्थिति भी उत्पन्न हो रही है।

ज्ञापन में छोटे और मध्यम श्रेणी के वाहनों के सुचारू संचालन के लिए 6 टन क्षमता के ई-रवन्ने तत्काल शुरू कराने की मांग की गई। ट्रैक्टर मालिकों का कहना है कि रॉयल्टी व्यवस्था सुचारू होने से वाहन संचालकों को राहत मिलेगी और जिले के राजस्व में भी वृद्धि होगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला कलेक्टर टीना डाबी ने प्रतिनिधिमंडल को उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई कर राहत देने का आश्वासन दिया।

वहीं भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र सैनी उर्फ बबलू टैंकर ने कहा कि यदि जिला प्रशासन की ओर से 5 दिन में मांगों का समाधान नहीं किया गया तो ट्रैक्टर मालिक ट्रैक्टरों के साथ कलेक्ट्रेट का घेराव करेंगे। इसके साथ ही रोड जाम कर आमरण अनशन पर बैठने की चेतावनी भी दी गई।

Tags: