टोंक में 80वें स्वाधीनता दिवस पर भव्य समारोह, 88 प्रतिभाओं का सम्मान
टोंक में 80वां स्वाधीनता दिवस पुलिस परेड ग्राउण्ड में हर्षोल्लास से मनाया गया। जलदाय मंत्री कन्हैया लाल चौधरी ने ध्वजारोहण किया और जिले की 88 उत्कृष्ट प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
तस्वीर में मंत्री कन्हैया लाल चौधरी टोंक के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित स्वाधीनता दिवस समारोह के दौरान खुली जीप से परेड का निरीक्षण करते हुए नजर आ रहे हैं।
टोंक जिले में 80वां स्वाधीनता दिवस शनिवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह पुलिस परेड ग्राउण्ड में आयोजित हुआ, जहां जलदाय एवं भू जल विभाग के मंत्री कन्हैया लाल चौधरी ने सुबह 9 बजे ध्वजारोहण कर समारोह का शुभारंभ किया।
ध्वजारोहण के बाद आरएसी एवं राजस्थान पुलिस के बैण्ड ने राष्ट्रगीत वंदे मातरम् और राष्ट्रगान की धुन बजाई। इसके बाद मुख्य अतिथि ने परेड का निरीक्षण किया। आरएसी, राजस्थान पुलिस, राजस्थान महिला पुलिस, होम गार्ड, एनसीसी, स्काउट्स एवं गाइड की टुकड़ियां मंच से सलामी लेते हुए गुजरीं।
समारोह के दौरान मुख्य अतिथि कन्हैया लाल चौधरी ने वीरांगनाओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। वहीं जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 88 प्रतिभाओं को प्रमाण-पत्र और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर विनोद कुमार मीना ने राज्यपाल महोदय के संदेश का पठन किया। विद्यालय की छात्राओं ने सामूहिक देशभक्ति नृत्य प्रस्तुत किए। योग ड्रिल टीम तथा विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सामूहिक व्यायाम का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत वंदे मातरम् एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।
इस अवसर पर देवली उनियारा विधायक राजेंद्र गुर्जर, जिला कलेक्टर टीना डाबी, पुलिस अधीक्षक रोशन मीना, पूर्व सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया, पूर्व विधायक अजीत मेहता, पूर्व जिला प्रमुख सरोज बंसल, जिलाध्यक्ष चन्द्रवीर सिंह चौहान, पूर्व सभापति लक्ष्मी जैन, सीईओ राकेश कुमार मीना, आयुक्त धर्मपाल जाट सहित जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। मंच संचालन कवि प्रदीप पंवार एवं गिरदावर दीनदयाल गुप्ता ने किया। समारोह में देशभक्ति प्रस्तुतियों, परेड और प्रतिभाओं के सम्मान के साथ जिले में 80वें स्वाधीनता दिवस का आयोजन संपन्न हुआ।