सवाई माधोपुर: समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद केंद्रों का औचक निरीक्षण

जिला रसद अधिकारी के नेतृत्व में खंडार और बहरावण्डा खुर्द केंद्रों पर तौल व भुगतान व्यवस्थाओं की जांच की गई।

Update: 2026-04-24 13:47 GMT

खंडार स्थित गेहूं खरीद केंद्र पर इलेक्ट्रॉनिक कांटे की शुद्धता और कट्टों के वजन की जांच करते जिला रसद अधिकारी रामभजन मीना व अन्य अधिकारी।

समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद प्रक्रिया की पारदर्शिता और व्यवस्थाओं की पड़ताल के लिए जिला प्रशासन ने शुक्रवार को क्रय केंद्रों का संयुक्त औचक निरीक्षण किया। जिला रसद अधिकारी रामभजन मीना के नेतृत्व में विधिक माप विज्ञान अधिकारी अशोक कुमार मित्तल एवं प्रवर्तन अधिकारी प्रहलाद मीना ने बहरावण्डा खुर्द तथा खण्डार स्थित खरीद केंद्रों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान दोनों केंद्रों पर भारतीय खाद्य निगम के कार्मिक उपस्थित पाए गए और खरीद कार्य नियमानुसार संचालित होता मिला। खण्डार केंद्र पर अब तक 1804 किसानों द्वारा पंजीकरण कराया गया है, जिनमें से 203 किसानों से 16,241 क्विंटल गेहूं की खरीद की जा चुकी है। वहीं बहरावण्डा खुर्द केंद्र पर 1194 किसानों के पंजीकरण के विरुद्ध 142 किसानों से 12,495 क्विंटल गेहूं की खरीद दर्ज की गई। किसानों को निर्धारित अवधि के अनुसार 48 घंटे में भुगतान किया जाना सुनिश्चित पाया गया।

विधिक माप विज्ञान अधिकारी द्वारा दोनों केंद्रों पर स्थापित इलेक्ट्रॉनिक कांटों की जांच की गई, जिसमें सभी कांटे विधिवत मुद्रांकित एवं सत्यापित पाए गए। मौके पर तौल परीक्षण के दौरान वजन में किसी प्रकार की अनियमितता नहीं मिली। साथ ही यादृच्छिक जांच में गेहूं के कट्टों का औसत वजन 50.135 किलोग्राम पाया गया, जो निर्धारित मानकों के अनुरूप है।

अधिकारियों ने मौके पर उपस्थित किसानों से तुलाई प्रक्रिया एवं व्यवस्थाओं को लेकर फीडबैक लिया, जिसमें किसानों ने तौल एवं खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी और संतोषजनक बताया। निरीक्षण के दौरान क्रय केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि किसानों की सुविधा के लिए छाया, पेयजल और अनाज की सुरक्षा हेतु पर्याप्त वाटरप्रूफ तिरपाल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुचारू व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित निरीक्षण जारी रहेंगे तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फोटो कैप्शन :- 24 पीआरओ 5 एवं 6 समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद केंद्रों का निरीक्षण करते।

Similar News