सवाई माधोपुर: कीरपुरा स्कूल के विकास के लिए ग्रामीणों ने दिए 30 हजार रुपये

भविष्य की उड़ान पहल के तहत जनसहयोग राशि पर सरकार 45 हजार रुपये अतिरिक्त देगी, जिससे विद्यालय में कंप्यूटर और फर्नीचर खरीदे जाएंगे।

Update: 2026-04-24 13:43 GMT

सवाई माधोपुर में 'भविष्य की उड़ान' पहल के तहत राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय कीरपुरा के विकास हेतु चेक सौंपते प्रधानाध्यापक दयालुराम मीणा (बाएं से दूसरे) और एडीपीसी दिनेश कुमार गुप्ता (बाएं से तीसरे)।

जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संचालित अभिनव पहल “भविष्य की उड़ान” के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के प्रति जागरूकता, उत्तरदायित्व और जनभागीदारी को सशक्त करने का प्रयास निरंतर जारी है। इस पहल ने समाज और शिक्षा के बीच मजबूत संबंध स्थापित करने के साथ विद्यालयों के भौतिक एवं शैक्षिक विकास को नई दिशा दी है।

इसी क्रम में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय कीरपुरा के भौतिक विकास के लिए सामूहिक जनसहयोग से 30 हजार रुपए की राशि दान स्वरूप प्रदान की गई। यह सहयोग ग्रामीण समाज की शिक्षा के प्रति सकारात्मक सोच और जिम्मेदारी का सशक्त उदाहरण है। उक्त राशि का चेक विद्यालय के प्रधानाध्यापक दयालुराम मीणा द्वारा मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना के अंतर्गत जमा कराने के लिए एडीपीसी दिनेश कुमार गुप्ता को सौंपा गया।

कार्यक्रम अधिकारी समग्र शिक्षा हेमराज मीना ने जानकारी दी कि जनसहयोग से प्राप्त 30 हजार रुपए की राशि पर राज्य सरकार द्वारा योजना के तहत लगभग 45 हजार रुपए की अतिरिक्त राशि प्रदान की जाएगी। इस प्रकार विद्यालय को कुल 75 हजार रुपए की राशि उपलब्ध होगी।

उपलब्ध राशि का उपयोग विद्यालय में कंप्यूटर, प्रिंटर एवं फर्नीचर की खरीद सहित अन्य आवश्यक भौतिक विकास कार्यों में किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध होगा और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार सुनिश्चित किया जा सकेगा।

फोटो कैप्शन :- 24 पीआरओ 4 एडीपीसी दिनेश कुमार गुप्ता को चेक सौंपते प्रधानाध्यापक दयालुराम मीणा।

इस पहल के माध्यम से “भविष्य की उड़ान” योजना न केवल संसाधनों की उपलब्धता बढ़ा रही है, बल्कि ग्रामीण समाज को शिक्षा के प्रति सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित कर रही है, जो शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Similar News