सवाई माधोपुर: साहूनगर स्कूल में बम विस्फोट और आगजनी पर मॉक ड्रिल आयोजित
जिला प्रशासन और पुलिस ने बम विस्फोट के बाद राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास कर आपदा प्रबंधन तंत्र की तैयारियों और रिस्पांस टाइम को परखा।
सवाई माधोपुर के साहूनगर स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में शुक्रवार को आयोजित मॉक ड्रिल के दौरान घायलों को प्राथमिक उपचार देते बचाव दल के सदस्य। इस अभ्यास में पुलिस, सिविल डिफेंस और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने समन्वय का प्रदर्शन किया।
जिला मुख्यालय स्थित महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, साहूनगर में शुक्रवार सायं आयोजित मॉक ड्रिल के दौरान परिकल्पित बम विस्फोट से आग लगने की सूचना पर जिला प्रशासन, पुलिस एवं संबंधित विभागों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत एवं बचाव कार्यों का व्यापक अभ्यास किया। इस अभ्यास में आपदा प्रबंधन तंत्र की तत्परता, समन्वय क्षमता और प्रतिक्रिया समय का परीक्षण किया गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची टीमों ने 8-10 लोगों के घायल होने तथा 1-2 लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया। घटनास्थल पर मौजूद घायलों को प्राथमिक उपचार प्रदान कर एम्बुलेंस के माध्यम से जिला चिकित्सालय भिजवाया गया। अग्निशमन विभाग ने शीघ्रता से आग पर नियंत्रण पाया, जबकि सिविल डिफेंस एवं होमगार्ड की टीमों ने परिसर में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन संचालित किया।
आपदा प्रबंधन के निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार सूचना मिलते ही अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय सिंह मीना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी आवश्यक संसाधनों के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों का अभ्यास किया। अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने पूरे ऑपरेशन की मॉनिटरिंग की। मॉक ड्रिल के पश्चात अधिकारियों ने संबंधित विभागों, सिविल डिफेंस, होमगार्ड, स्काउट्स एवं स्वयंसेवकों को आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया और समन्वित कार्रवाई को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अतिरिक्त जिला कलक्टर ने बताया कि आपदा की स्थिति में तत्काल राहत कार्य प्रारंभ करना अत्यंत आवश्यक है, जिससे जन-धन की हानि को न्यूनतम किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपदा प्रबंधन तंत्र की तत्परता और समन्वय क्षमता को परखना तथा उसमें सुधार लाना है। शुक्रवार के अभ्यास के बाद उन्होंने विभिन्न एजेंसियों के रेस्पान्स टाइम में और सुधार की आवश्यकता जताई।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की कि ऐसे अभ्यास के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन तथा राहत कार्यों में यथासंभव सहयोग करें। मॉक ड्रिल के दौरान एडीएम गौरव मित्तल, पुलिस उपाधीक्षक उदय सिंह मीना, तहसीलदार नीरू सिंह, सीएमएचओ डॉ. अनिल कुमार जैमिनी, अग्निशमन अधिकारी कृष्णकांत मीना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कार्मिक, सिविल डिफेंस, होमगार्ड, स्काउट्स एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन :- 24 पीआरओ 8 से 12 मॉक ड्रिल के दौरान घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य का अभ्यास करते।