विकसित भारत अभियान: ओटीपी से बिलासी देवी का पेंशन सत्यापन सफल
बायोमेट्रिक फिंगरप्रिंट न मिलने पर शिविर प्रभारी के निर्देश पर वैकल्पिक प्रक्रिया अपनाई गई, जिससे वृद्धा को दफ्तरों के चक्कर काटने से राहत मिली।
तस्वीर में चौथ का बरवाड़ा शिविर में महिला अधिकारी से पेंशन दस्तावेज प्राप्त करती नजर आ रही है।
विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत चौथ का बरवाड़ा पंचायत समिति सभागार में आयोजित शिविर में बायोमेट्रिक सत्यापन में आई बाधा का मौके पर ही समाधान कर बिलासी देवी का पेंशन सत्यापन पूरा कराया गया। ग्राम क्षेत्र की बिलासी देवी पत्नी गोपाल बायोमेट्रिक फिंगरप्रिंट नहीं आने के कारण ई-मित्र के माध्यम से अपनी पेंशन का सत्यापन नहीं करवा पा रही थीं।
बिलासी देवी ने शिविर प्रभारी को अपनी समस्या से अवगत कराया। शिविर प्रभारी के निर्देश पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के कार्मिक राजकुमार मीणा ने पेंशन विभाग के माध्यम से ओटीपी आधारित सत्यापन की वैकल्पिक प्रक्रिया अपनाई। इसके बाद मौके पर ही बिलासी देवी का सफल पेंशन सत्यापन करवा दिया गया।
समय पर समाधान मिलने से बिलासी देवी को पेंशन सत्यापन के लिए अलग से कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं रही। त्वरित कार्रवाई से उन्हें राहत मिली। उन्होंने शिविर प्रभारी, विभागीय कार्मिकों तथा राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।