सवाई माधोपुर, 6 सितम्बर। रणथम्भौर दुर्ग स्थित विश्वप्रसिद्ध श्री त्रिनेत्र गणेश जी के तीन दिवसीय मेले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने और मेले को सुव्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराने के लिए जिला मजिस्ट्रेट काना राम ने मेला मजिस्ट्रेट, सहायक मेला मजिस्ट्रेट एवं कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए हैं। श्री त्रिनेत्र गणेश जी का मेला 13 से 15 सितम्बर 2026 तक आयोजित होगा, जबकि मुख्य मेला 14 सितम्बर को होगा।

जिला मजिस्ट्रेट द्वारा जारी आदेश के अनुसार उपखण्ड मजिस्ट्रेट मलारना डूंगर गौरव कुमार मित्तल को मेला मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। वे मेला अवधि के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था की संपूर्ण व्यवस्थाओं के प्रभारी रहेंगे। उनका मुख्यालय श्री त्रिनेत्र गणेश मंदिर के सामने रहेगा। सहायक कलक्टर मुख्यालय नीतू करोल को सहायक मेला मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। उनका मुख्यालय गणेश धाम तिराहे पर रहेगा।

मेले के दौरान श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए विभिन्न प्रमुख स्थानों पर कार्यपालक मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं। तहसीलदार चौथ का बरवाड़ा नीरज सिंह गणेश धाम तिराहे पर तथा तहसीलदार सवाई माधोपुर मदन लाल मीणा गणेश मंदिर परिसर नियंत्रण कक्ष में तैनात रहेंगे।

उपखण्ड मजिस्ट्रेट चौथ का बरवाड़ा चन्द्र प्रकाश वर्मा तथा विकास अधिकारी चौथ का बरवाड़ा इन्द्रराज मीणा को जोगी महल से हम्मीर महल क्षेत्र में 12-12 घंटे की पारी में तैनात किया गया है। वहीं संस्थापन अधिकारी कलेक्ट्रेट सवाई माधोपुर सियाराम शर्मा तथा तहसीलदार यूआईटी विष्णु माथुर को बजरिया रेलवे स्टेशन से गणेश धाम तक 12-12 घंटे की पारी में ड्यूटी के लिए नियुक्त किया गया है।

जिला मजिस्ट्रेट ने नियुक्त मेला मजिस्ट्रेट, सहायक मेला मजिस्ट्रेट एवं कार्यपालक मजिस्ट्रेट को मेला अवधि में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुरक्षा, कानून एवं शांति व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा विभिन्न व्यवस्थाओं के प्रभावी संचालन के लिए विभागों के मध्य समन्वय के साथ आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। नियुक्त मजिस्ट्रेट अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में व्यवस्थाओं की निगरानी करते हुए आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। इस व्यवस्था के तहत 13 से 15 सितम्बर तक मेले के दौरान प्रशासनिक निगरानी और क्षेत्रवार समन्वय को प्रभावी बनाए रखने की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों को सौंपी गई है।

Tags: