सवाई माधोपुर में 21 नवंबर को होगा विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट, युवाओं को मिलेगा विचार रखने का अवसर
सवाई माधोपुर के राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में 21 नवंबर को विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट और चैलेंज ट्रैक का आयोजन होगा। जानिए दोनों प्रतियोगिताओं के विषय, आयु सीमा, आवेदन की अंतिम तिथि और चयन प्रक्रिया से जुड़ी जरूरी जानकारी।
सवाई माधोपुर में युवाओं को विकसित भारत के निर्माण से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार और नवाचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माय भारत केंद्र की ओर से जिला मुख्यालय स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में 21 नवंबर 2026 को ‘विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट 2026–27’ का जिला स्तरीय आयोजन किया जाएगा। जिला कलेक्टर कानाराम के मार्गदर्शन में होने वाले इस कार्यक्रम के साथ ही ‘विकसित भारत चैलेंज ट्रैक’ का जिला स्तरीय प्रस्तुतीकरण चरण भी आयोजित होगा।
माय भारत मुख्यालय के निर्देशानुसार जिला स्तरीय विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट का निर्धारित विषय बदल दिया गया है। अब प्रतिभागियों को पूर्व निर्धारित विषय ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ के स्थान पर संशोधित विषय ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ पर अपने विचार प्रस्तुत करने होंगे। प्रत्येक प्रतिभागी को विचार रखने के लिए तीन मिनट का समय दिया जाएगा।
इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों की आयु 17 अगस्त 2026 को 18 से 25 वर्ष के बीच होनी अनिवार्य है। पूर्व संस्करणों के राष्ट्रीय स्तर के यूथ पार्लियामेंट चरण में फाइनलिस्ट रहे प्रतिभागी इस वर्ष आयोजित कार्यक्रम के लिए पात्र नहीं होंगे। इच्छुक युवा माय भारत पोर्टल के मेगा इवेंट टैब में जिला सवाई माधोपुर का चयन कर 15 नवंबर तक विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इसी परिसर में 21 नवंबर को ‘विकसित भारत चैलेंज ट्रैक’ का जिला स्तरीय प्रस्तुतीकरण चरण भी आयोजित किया जाएगा। माय भारत पोर्टल पर आयोजित क्विज और निबंध चरण के बाद चयनित 50 प्रतिभागी इसमें हिस्सा लेंगे। प्रत्येक प्रतिभागी को पांच मिनट में ‘विनिर्माण, उद्यमिता एवं हरित विकास’ की क्षेत्रीय थीम पर अपने विचार, नवाचार और व्यावहारिक समाधान प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रस्तुत करने होंगे।
विकसित भारत चैलेंज ट्रैक में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की आयु 17 अगस्त 2026 को 15 से 29 वर्ष के बीच होनी चाहिए। जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को आगे संभाग, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिल सकता है।
दोनों प्रतियोगिताओं में शामिल होने वाले सभी प्रतिभागियों के लिए कक्षा 10 का उत्तीर्ण प्रमाणपत्र और आधार कार्ड की मूल प्रति के साथ उसकी फोटोकॉपी लाना अनिवार्य है। कार्यक्रम से संबंधित किसी भी अन्य सहायता के लिए आधिकारिक टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14472 अथवा 1800-212-2729 पर संपर्क किया जा सकता है।