सवाई माधोपुर में दिवाली की रात पटाखों की चिंगारी से कासलीवाल भवन के पास खड़ी एक एक्टिवा स्कूटी में आग लग गई, जिसे स्थानीय लोगों की तत्परता से अन्य वाहनों तक फैलने से रोका गया।

सवाई माधोपुर में दिवाली की रात पटाखे की चिंगारी से एक एक्टिवा स्कूटी में आग लग गई। जिला पुस्तकालय के निकट कासलीवाल भवन के पास खड़ी स्कूटी कुछ ही मिनटों में जलकर राख हो गई। घटना के दौरान आसपास खड़ी 8-10 अन्य गाड़ियों पर भी आग की चपेट में आने का खतरा मंडराने लगा था।

स्कूटी के मालिक पत्रकार हरक चंद जैन ने बताया कि घटना 8 नवंबर की रात की है। पटाखों की चिंगारी से स्कूटी में आग लगी। घटना के समय वह मौके पर मौजूद नहीं थे। आग तेजी से फैलने के कारण स्कूटी देखते ही देखते धू-धू कर जलने लगी और कुछ ही मिनटों में पूरी तरह राख हो गई।

आग को बढ़ता देख मौके पर मौजूद अंकेश जैन, अरविंद जैन, सोनम जैन, रुचि जैन, मेघा जैन, अजय सहित अन्य लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आसपास खड़ी बाकी गाड़ियों को वहां से हटाना शुरू किया। लोगों ने समय रहते सभी गाड़ियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। यदि समय रहते गाड़ियों को नहीं हटाया जाता, तो आग एक के बाद एक अन्य वाहनों तक पहुंच सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था।

स्थानीय लोगों की सूझबूझ और त्वरित प्रयासों से आग को अन्य वाहनों तक फैलने से रोकने में मदद मिली। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि पत्रकार हरक चंद जैन की एक्टिवा स्कूटी पूरी तरह जलकर खाक हो गई। दिवाली की रात हुई इस घटना में अन्य वाहनों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया।

Tags: