सवाई माधोपुर जिले में सर्दी बढ़ने और दिन-रात के तापमान में लगातार बदलाव से पशुओं के स्वास्थ्य और दुग्ध उत्पादन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। बदलते मौसम के कारण पशुओं में विभिन्न बीमारियों का प्रकोप भी बढ़ सकता है। इसे देखते हुए पशुपालन विभाग ने पशुपालकों को पशुधन की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।

पशुपालन विभाग सवाई माधोपुर के संयुक्त निदेशक डॉ. राजीव गर्ग ने बताया कि सर्दी के मौसम में पशुओं के दुग्ध उत्पादन में कमी आने या किसी बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर पशुपालकों को तुरंत निकटतम पशु चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए। उन्होंने फडकिया, गलघोंटू, पी.पी.आर, भेड़ माता, लंगड़ा बुखार, मिश्रित संक्रमण और खुरपका-मुंहपका सहित अन्य बीमारियों से बचाव के लिए पशुओं का आवश्यक टीकाकरण करवाने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि पशुओं को ठंड से बचाने के लिए पशु आवासों में जूट की टाटपट्टी और तिरपाल का उपयोग किया जाना चाहिए। इससे विशेष रूप से छोटे पशुओं और पोल्ट्री को ठंड से सुरक्षा मिल सकेगी। पशु आवासों में सूखी घास की बिछावट करने के साथ हवा और प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था रखनी चाहिए, ताकि उचित वेंटिलेशन बना रहे और नमी जमा न हो।

डॉ. गर्ग के अनुसार, सर्दियों में पशुओं को गुणवत्तापूर्ण हरा चारा, वसा युक्त पौष्टिक एवं संतुलित आहार उपलब्ध कराना जरूरी है। परजीवियों के प्रकोप से बचाने के लिए पशु चिकित्सक की सलाह के अनुसार परजीवीनाशक घोल या दवा देनी चाहिए। इससे पशुओं का स्वास्थ्य बेहतर रखने के साथ चारे-दाने का समुचित उपयोग सुनिश्चित किया जा सकता है।

उन्होंने पशुपालकों को पशुओं को घुटन भरे स्थानों पर नहीं रखने और विशेष रूप से धुएं से बचाने की हिदायत दी। धुएं के संपर्क में आने से पशुओं को सांस संबंधी परेशानी हो सकती है। संयुक्त निदेशक ने जिले की सभी गौशालाओं में भी शीत ऋतु के दौरान इन सभी बचाव उपायों को अपनाने की आवश्यकता बताई।

Tags: