सवाई माधोपुर के महाविद्यालय सभागार में विकसित भारत युवा संवाद कार्यक्रम के दौरान सामूहिक रूप से बैठे छात्र-छात्राएं और अतिथि दिखाई दे रहे हैं।   

सवाई माधोपुर में संविधान दिवस के अवसर पर युवाओं ने विकसित भारत@2047 के लक्ष्य, संवैधानिक मूल्यों और नशामुक्त भारत के निर्माण को लेकर अपने विचार साझा किए। मेरा युवा भारत केंद्र सवाई माधोपुर की ओर से सरस्वती महाविद्यालय, कुस्तला में विकसित भारत युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें युवाओं को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक सहभागिता और जिम्मेदार नागरिकता के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘विकसित भारत@2047’ रहा। इसकी शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। जिला युवा अधिकारी ने मेरा युवा भारत की विभिन्न गतिविधियों और युवाओं को मिलने वाले सहभागिता के अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण, सामाजिक कार्यों और विकसित भारत के संकल्प से जुड़ने का आह्वान किया। साथ ही रविवार को आयोजित होने वाले 100वें संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम में सहभागिता करने का अनुरोध किया।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर के फुटबॉल खिलाड़ी एवं भारतीय खेल प्राधिकरण के कोच अरबाज खान ने युवाओं के साथ अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने खेल के क्षेत्र में केंद्र सरकार की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही खेलों के महत्व, अनुशासन, शारीरिक फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को जीवन में खेलों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।

युवा कार्यक्रम एवं भारत सरकार द्वारा नामित युवा आइकॉन चेतन शर्मा ने ‘विकसित भारत@2047’ विषय पर पावरप्वाइंट प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने भारत की विकास यात्रा, वर्ष 2047 तक देश को विकसित राष्ट्र बनाने की परिकल्पना और इस लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी।

सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर शिफात खान ने सोशल मीडिया की सकारात्मक शक्ति, डिजिटल माध्यमों के जिम्मेदार उपयोग और समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित करने में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार रखे। वहीं, युवा सामाजिक कार्यकर्ता रजत भारद्वाज ने सामाजिक सरोकारों और सामुदायिक सहभागिता के महत्व पर चर्चा की। उन्होंने समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए युवाओं से सामाजिक कार्यों में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

संवाद के दौरान नशे की समस्या और इसके व्यक्तिगत, पारिवारिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने युवाओं से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। इस दौरान ‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ का संदेश जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में नशामुक्ति शपथ के समर्थन में वॉल सिग्नेचर भी किए गए।

संविधान दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया। उपस्थित युवाओं ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता जैसे संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इसके साथ ही लोकतांत्रिक मूल्यों, नागरिक कर्तव्यों और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों के महत्व को समझा।

कार्यक्रम में युवाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और विभिन्न विषयों पर संवाद एवं विचार-विमर्श के माध्यम से अपनी सहभागिता दर्ज कराई। मेरा युवा भारत जिला केंद्र सवाई माधोपुर की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना तथा जनभागीदारी के माध्यम से विकसित भारत@2047 के संकल्प को साकार करने के लिए प्रेरित करना रहा।

इस अवसर पर महाविद्यालय के वाइस प्रिंसिपल प्रदीप राठौर, गोपेश भारद्वाज, माय भारत केंद्र के मनोज महावर, वंदना संगत, हरमीत सिंह सहित क्षेत्र के अन्य युवा उपस्थित रहे।

Tags: