रणथम्भौर राष्ट्रीय उद्यान में 109 पुराने पर्यटक वाहनों को भ्रमण की सशर्त अनुमति
| नए वाहनों के पंजीकरण तक 11 वर्ष से अधिक पुराने वाहनों को फिटनेस जांच और नवीनीकरण पूरा करने पर वर्तमान पर्यटन सत्र में सफारी संचालन की छूट मिलेगी।
रणथम्भौर राष्ट्रीय उद्यान में पर्यटन सत्र 2026-27 के दौरान 109 पुराने पर्यटक वाहनों को सीमित अवधि के लिए पार्क भ्रमण की अनुमति मिल सकेगी। हालांकि, इसके लिए वाहनों की निर्धारित मानकों के अनुरूप फिटनेस जांच और पंजीकरण/नवीनीकरण की प्रक्रिया पूरी करना अनिवार्य होगा। वाहन मालिक 2 दिसंबर 2026 तक निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन जमा कर सकेंगे।
उप वन संरक्षक (पर्यटन), रणथम्भौर बाघ परियोजना संजीव शर्मा ने बताया कि पर्यटन सत्र 2026-27 में 11 वर्ष से अधिक पुराने होने के कारण बाहर किए गए 109 वाहनों का पंजीकरण/नवीनीकरण किया जाएगा। यह व्यवस्था तब तक लागू रहेगी, जब तक नए वाहनों का पंजीकरण नहीं हो जाता। इन वाहनों को फिटनेस जांच में निर्धारित मानकों पर खरा उतरने के बाद ही 30 जून 2027 तक वर्तमान पर्यटन सत्र में पार्क में पर्यटकों को भ्रमण कराने की अनुमति दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि पंजीकरण/नवीनीकरण के इच्छुक वाहन मालिकों को निर्धारित आवेदन पत्र के साथ वाहन से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों की प्रमाणित प्रतियां कार्यालय में जमा करवानी होंगी। इसके साथ ही आवेदन और वाहन को निर्धारित मापदंडों के अनुसार पूर्ण कार्यात्मक निरीक्षण के लिए पंजीकरण समिति के समक्ष प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
आवेदन पत्र 200 रुपये शुल्क नकद जमा करवाकर 27 नवंबर 2026 तक कार्यालय से प्राप्त किए जा सकेंगे। आवेदन जमा करने की प्रक्रिया 26 नवंबर से शुरू होकर 2 दिसंबर 2026 को शाम 5 बजे तक चलेगी। निर्धारित समय सीमा में आवेदन जमा नहीं करा पाने वाले वाहन मालिक विलंब शुल्क 2 हजार रुपये के साथ 5 दिसंबर 2026 तक आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे।
उप वन संरक्षक (पर्यटन) संजीव शर्मा ने संबंधित वाहन मालिकों से निर्धारित समयावधि में आवेदन पत्र और आवश्यक दस्तावेज जमा करवाकर पंजीकरण/नवीनीकरण की प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है। इस प्रक्रिया के तहत फिटनेस जांच में निर्धारित मानकों पर खरे उतरने वाले 109 पुराने पर्यटक वाहनों को ही पर्यटन सत्र 2026-27 में रणथम्भौर पार्क भ्रमण की अनुमति मिल सकेगी।