जिला कलक्टर काना राम ने दिए सख्त निर्देश, जल संरक्षण से चुनाव तैयारियों तक होगी समयबद्ध कार्रवाई
सवाई माधोपुर में जिला कलक्टर काना राम ने जल संरक्षण, लम्पी रोग, स्वास्थ्य, उर्वरक आपूर्ति और नगरीय निकाय चुनाव की समीक्षा की।
तस्वीर में कलक्ट्रेट सभागार में जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में उपस्थित अधिकारी नजर आ रहे हैं।
जिले में स्वीकृत लंबित कार्यों को पूरा करने और बिजली, पानी सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का लाभ आमजन तक निर्बाध पहुंचाने के उद्देश्य से सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जल संरक्षण, लम्पी रोग की रोकथाम, स्वास्थ्य सेवाओं, उर्वरक आपूर्ति, पौधारोपण, माय भारत पोर्टल तथा नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों सहित विभिन्न विभागीय कार्यों की समीक्षा की गई और अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जिला कलक्टर ने मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान के तहत स्वीकृत कार्यों के कार्यादेश 10 दिन के भीतर जारी कर लंबित कार्यों को धरातल पर उतारने के निर्देश अधीक्षण अभियंता वाटरशेड संजय माथुर को दिए। उन्होंने जल संचय जन भागीदारी 3.0 अभियान के तहत राजकीय कार्यालयों सहित अन्य स्थानों पर वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम एवं वाटर रिचार्ज संरचनाएं स्थापित करने तथा उनकी जानकारी पोर्टल पर ऑनलाइन अपडेट करने के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए।
माय भारत पोर्टल पर जिले के प्रदर्शन की समीक्षा के दौरान कलक्टर ने सवाई माधोपुर के राज्य में प्रथम और देश में 22वें स्थान पर होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए रजिस्ट्रेशन कार्यों की सराहना की। उन्होंने माय भारत पोर्टल रजिस्ट्रेशन ड्राइव में अच्छा कार्य करने वाले ब्लॉकवार 5 विद्यालयों को प्रशस्ति पत्र दिलाने के निर्देश दिए। शिक्षा विभाग को माय भारत पोर्टल पर रजिस्टर्ड समस्त युवाओं, युवा मंडल सदस्यों तथा जिले के सभी कॉलेज, शिक्षण संस्थानों, हॉस्टल और ट्रेनिंग सेंटर्स में एनरोल्ड 15 से 29 आयु वर्ग के युवाओं को 16 सितम्बर तक विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग क्विज करवाने के निर्देश भी दिए।
हरियालो राजस्थान अभियान की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने जिन विभागों ने अभी तक पौधारोपण का लक्ष्य पूरा नहीं किया है, उनके अधिकारियों को 15 सितम्बर से पहले शत-प्रतिशत पौधारोपण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों से अपने विभाग से संबंधित योजनाओं की सफलता की कहानियों के माध्यम से आमजन को जागरूक करने और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करने को कहा।
समीपवर्ती राज्यों एवं जिलों में लम्पी रोग के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए जिला कलक्टर ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी नाकों पर अन्य क्षेत्रों से आने वाले पशुओं की विशेष निगरानी करने को कहा। पशुपालकों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान में अन्य क्षेत्रों से गौवंश खरीदकर नहीं लाएं। यदि किसी पशु में लम्पी रोग के लक्षण दिखाई दें तो तत्काल पशुपालन विभाग के कन्ट्रोल रूम प्रभारी डॉ. राजेश रोशन मीना के मोबाइल नंबर 9636980734 पर सूचना दें, ताकि पशुओं का समय पर उपचार किया जा सके।
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान जिला कलक्टर ने शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग को 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के एचपीवी टीकाकरण के लिए ब्लॉकवार शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। स्वाइन फ्लू की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने सीएमएचओ डॉ. अनिल कुमार जैमिनी को एडवाइजरी जारी कर आमजन को जागरूक करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही विद्या संबल योजना के तहत विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में पात्र लोगों के चयन की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए भी जिला कलक्टर ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने एफएफएस ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया से किसानों को अवगत कराने तथा रबी फसल के लिए पूर्व तैयारी करते हुए डीएपी और यूरिया की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। आमजन को बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं निर्बाध रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उन्होंने विद्युत एवं जलदाय विभाग के अधिकारियों को आमजन की शिकायतों के लिए स्थापित सभी कन्ट्रोल रूम सक्रिय रखने के निर्देश दिए।
नगरीय निकाय आम चुनाव की तैयारियों की भी बैठक में समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने स्वीप गतिविधियों के माध्यम से मतदाताओं को मतदान के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए। सभी राजकीय विद्यालयों में शत-प्रतिशत मतदान के लिए 1 सितम्बर को पाती लेखन प्रतियोगिता आयोजित करवाने, निर्वाचन संबंधी प्रशिक्षण कार्य निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गुणवत्तापूर्ण तरीके से सुनिश्चित करने तथा सभी नगरीय निकाय क्षेत्रों में स्ट्रोंग रूम की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने स्ट्रोंग रूम में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित करने को भी कहा।
बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहित कासनिया, अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश राजोरा, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलेन्द्र सिंह, अधीक्षण अभियंता पीडब्ल्यूडी हरिसिंह मीना, सीएमएचओ डॉ. अनिल कुमार जैमिनी, जिला रसद अधिकारी रामभजन मीना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।