सवाई माधोपुर के राजकीय कन्या महाविद्यालय में स्वीप अभियान के तहत निष्पक्ष मतदान की शपथ लेतीं छात्राएं।

सवाई माधोपुर में पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 को लेकर मतदाता जागरूकता अभियान के तहत राजकीय कन्या महाविद्यालय में गरबा थीम पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। छात्राओं ने गरबा नृत्य की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से मताधिकार के महत्व, मतदान के प्रति जिम्मेदारी और अधिकाधिक मतदाता सहभागिता का संदेश दिया। कार्यक्रम में पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान की शपथ भी दिलाई गई।

जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहित कासनिया के मार्गदर्शन में स्वीप प्रकोष्ठ की ओर से जिले में मतदाता जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में राजकीय कन्या महाविद्यालय, सवाई माधोपुर में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। गरबा नृत्य के माध्यम से उन्होंने लोकतंत्र में मताधिकार के महत्व, मतदान के प्रति जिम्मेदारी और अधिकाधिक मतदाताओं की भागीदारी का संदेश दिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए आमजन को मतदान के प्रति जागरूक होकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

जिला स्वीप समन्वयक संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि पंचायती राज आम चुनाव-2026 के तहत जिलेभर में विभिन्न स्तरों पर मतदाता जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य मतदाताओं को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करना और स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं निर्भीक मतदान के लिए प्रेरित करना है।

कार्यक्रम में शहीद कैप्टन रिपुदमन सिंह राजकीय महाविद्यालय के प्रोफेसर हरिचरण मीणा ने इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने नवमतदाताओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि जिन पात्र नागरिकों के नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 भरकर नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट और उपलब्ध ऑनलाइन सुविधाओं का उपयोग किया जा सकता है।

महाविद्यालय की ईएलसी प्रभारी डॉ. सदब सिद्दीकी ने क्लब की ओर से अब तक आयोजित गतिविधियों और मतदाता जागरूकता के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी साझा की। उन्होंने विद्यार्थियों से लोकतांत्रिक मूल्यों को आत्मसात करने और अपने परिवार तथा समाज में मतदान के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित छात्राओं एवं अधिकारियों को बिना किसी दबाव या प्रलोभन के निर्भीक होकर स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान करने की शपथ दिलाई गई। इस दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गोपाल सिंह, जिला स्वीप प्रकोष्ठ के कार्मिक हुकुम चन्द नामा, विजेंद्र पाल सिंह, चंद्र प्रकाश वर्मा, सुनील गर्ग एवं चंद्र प्रकाश शर्मा सहित महाविद्यालय का अन्य स्टाफ उपस्थित रहा।

Tags: