सवाई माधोपुर में आयोजित पंचायत समिति बूथ सम्मेलन में मंच पर मौजूद राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा, बीजेपी जिला अध्यक्ष मानसिंह गुर्जर और अन्य पार्टी पदाधिकारी।

सवाई माधोपुर में पंचायत राज चुनाव 2026 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को मजबूत करने और ग्रामीण क्षेत्रों में जनसमर्थन बढ़ाने की तैयारी तेज कर दी है। इसी क्रम में भाजपा की ओर से पंचायत समिति सवाई माधोपुर का बूथ सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने कार्यकर्ताओं से विकास कार्यों के आधार पर ग्रामीण सरकार बनाने और आगामी चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए जुटने का आह्वान किया।

सम्मेलन की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष मानसिंह गुर्जर ने की। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने, गांव-गांव जनसंपर्क बढ़ाने और पंचायत राज चुनाव की तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया। जिला प्रवक्ता सुरेन्द्र शर्मा ने बताया कि सम्मेलन में कई वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में संभाग चुनाव सह प्रभारी हेमराज मीणा, जिला चुनाव प्रभारी अजीत सिंह मेहता, चुनाव प्रभारी मदन प्रजापत, जिला संयोजक सुरेश जैन, पंचायत चुनाव प्रभारी ब्रजेश लाटा, संयोजक लालचंद गौतम, सहसंयोजक सत्यनारायण धाकड़, जिला महामंत्री जगदीश अग्रवाल, पूर्व विधायक हंसराज शर्मा, पूर्व जिला प्रमुख पृथ्वीराज मीणा, पूर्व प्रधान मीरा सैनी, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष अशोक राज मीणा और कुंदेरा मंडल अध्यक्ष मनीष अग्रवाल सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

जिला चुनाव प्रभारी मदन प्रजापत ने कहा कि जिला अध्यक्ष मानसिंह गुर्जर और कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा के नेतृत्व में नगर परिषद चुनाव में भाजपा को बड़ी जीत मिली है। उन्होंने कहा कि आगामी पंचायत राज चुनाव में प्रत्याशियों का चयन सर्वे, जनाधार और चुनावी समीकरणों के आधार पर किया जाएगा। पार्टी में भाई-भतीजावाद के लिए कोई स्थान नहीं होगा। यह चुनाव संगठन के समर्पित कार्यकर्ताओं और आमजन का है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर मेहनत करने का आह्वान किया, ताकि अधिक से अधिक जिला प्रमुख, प्रधान और अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि भाजपा के चुने जाएं।

जिला चुनाव प्रभारी अजीत सिंह मेहता ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान की भाजपा सरकार जनहित और विकास के लिए काम कर रही है। उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर आमजन को सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने को कहा। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों में भाजपा के पक्ष में जनसमर्थन जुटाने पर जोर दिया।

भाजपा जिला अध्यक्ष मानसिंह गुर्जर ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि पंचायत राज चुनाव जनता से सीधे जुड़ने का महत्वपूर्ण अवसर है। पार्टी का लक्ष्य केवल सरपंच चुनाव जीतना नहीं, बल्कि पंचायत समिति और जिला परिषद में भी भाजपा का परचम फहराना है।

उन्होंने बताया कि सवाई माधोपुर पंचायत समिति क्षेत्र में चुनाव लड़ने के लिए बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए हैं। पार्टी की निर्धारित गाइडलाइन, सर्वे और संगठनात्मक प्रक्रिया के अनुसार योग्य प्रत्याशियों का चयन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार ने विभिन्न विभागों के माध्यम से विकास कार्य करवाए हैं। सभी कार्यकर्ता आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ जनता के बीच जाएं तथा आगामी चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए काम करें।

कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने अपने संबोधन में कहा कि कुछ ताकतें देश में अस्थिरता पैदा करने का प्रयास कर रही हैं, जबकि भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्रहित और जनसेवा के संकल्प के साथ काम करते हैं। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में पेपर लीक जैसी घटनाओं से युवाओं के भविष्य को नुकसान पहुंचा।

डॉ. मीणा ने सवाई माधोपुर क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सरकार की ओर से लगभग 1,000 करोड़ रुपये के कार्यों एवं सहायता का प्रावधान कराया गया है। उन्होंने डेरवा और जाधवता गांवों में बाढ़ से संबंधित राहत कार्यों का जिक्र किया। साथ ही सवाई माधोपुर में 115 करोड़ रुपये की लागत से अमरूद प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने की योजना का भी उल्लेख किया।



मंत्री ने फारवर्ड डैम से संबंधित परियोजना का जिक्र करते हुए कहा कि क्षेत्र में पानी की उपलब्धता बढ़ाने और ग्रामीण विकास को प्रोत्साहित करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से शहर और गांव के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि शहर का प्रत्येक कार्यकर्ता गांवों में जाकर लोगों से संपर्क करे और पंचायत राज चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने में अपनी भूमिका निभाए।

डॉ. मीणा ने कहा कि केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद अब स्थानीय निकायों और पंचायतों में भी पार्टी की मजबूत भागीदारी जरूरी है। उन्होंने ट्रिपल इंजन की सरकार बनने से विकास कार्यों को गति मिलने और योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने में मदद मिलने की बात कही। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार का लक्ष्य पारदर्शिता, सुशासन और विकास के माध्यम से जनता का विश्वास जीतना है।

सम्मेलन के अंत में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से पंचायत राज चुनाव की तैयारियों में जुटने, बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने, गांव-गांव जनसंपर्क करने और केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। सम्मेलन में आगामी पंचायत राज चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया गया।

इस दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष हरिओम गर्ग, भाजपा नेता दीपक मीणा, बजरिया शहर मंडल अध्यक्ष सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Tags: