स्वीप पखवाड़े के तहत सवाई माधोपुर में विद्यार्थियों ने रैली निकालकर मतदान का संदेश दिया।

सवाई माधोपुर जिले में मतदाता जागरूकता पखवाड़े के तहत लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जागरूकता अभियान तेज किया गया है। जिलेभर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में मतदाता जागरूकता रैलियां निकालकर विद्यार्थियों और आमजन को मतदान के महत्व, मतदाता पंजीकरण तथा निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया गया।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर कानाराम तथा जिला नोडल अधिकारी एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहित कासनिया के निर्देशन में जिला स्वीप प्रकोष्ठ की ओर से इन गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में राजकीय कन्या महाविद्यालय, सवाई माधोपुर में मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गोपाल सिंह ने छात्राओं को मतदान का महत्व समझाते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने की शपथ दिलाई। उन्होंने छात्राओं से स्वयं जागरूक मतदाता बनने के साथ ही अपने परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी मतदान के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। इस दौरान ईएलसी क्लब की प्रभारी डॉ. सदफ सिद्दीकी भी उपस्थित रहीं।

स्वीप कोऑर्डिनेटर संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि अभियान का प्रमुख उद्देश्य जिले के प्रत्येक पात्र नागरिक तक मतदाता जागरूकता का संदेश पहुंचाना और युवाओं, महिलाओं तथा आमजन की लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि फॉर्म-6 के माध्यम से नए मतदाता अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। इसके अलावा ECI Net ऐप और निर्वाचन विभाग की ऑनलाइन सुविधाओं के जरिए मतदाता पंजीकरण सहित अन्य निर्वाचन सेवाओं की जानकारी भी आमजन तक पहुंचाई जा रही है।

जिले के अन्य शिक्षण संस्थानों में भी विद्यार्थियों ने जागरूकता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चकेरी, सेलू एवं करमोदा तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय शेरपुर, खिलचीपुर एवं ओलवाड़ा में मतदाता जागरूकता रैलियां आयोजित की गईं। इन रैलियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन को मतदान के महत्व, शत-प्रतिशत मतदान और प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में पंजीकरण सुनिश्चित कराने का संदेश दिया।

जिला स्वीप टीम की ओर से जिलेभर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार मतदाता जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। अभियान के तहत मतदाता जागरूकता रैलियों के साथ शपथ, प्रश्नोत्तरी, संवाद और मेहंदी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। वहीं, पीले चावल देकर आमजन को मतदान के लिए आमंत्रित करने और जागरूक करने की पहल भी की जा रही है। मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों के अलावा पद एवं दंगल कार्यक्रमों के माध्यम से भी मतदान का संदेश प्रसारित किया जा रहा है।

सोशल मीडिया पर व्हाट्सएप स्टेटस लगाकर तथा विभिन्न विभागों के कर्मचारियों के माध्यम से भी मतदाता जागरूकता का संदेश आमजन तक पहुंचाया जा रहा है। इन सभी गतिविधियों के जरिए जिले में अधिकाधिक मतदाता सहभागिता सुनिश्चित करने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति नागरिकों को जागरूक करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Tags: