सवाई माधोपुर में मुख्य मार्ग और सब्जी मंडी क्षेत्र में स्वच्छता और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नगर परिषद की टीम ने अवैध रूप से ठेले लगाने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की, जिसके तहत सामान जब्त किया गया और जुर्माना वसूला गया।

सवाई माधोपुर, 5 अक्टूबर। सब्जी मंडी में बिगड़ती सफाई व्यवस्था और मुख्य मार्ग पर अव्यवस्थित तरीके से लगाए जा रहे ठेलों के खिलाफ नगर परिषद ने सख्त कार्रवाई की है। पिछले तीन दिनों से लगातार समझाइश और चेतावनी के बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर सोमवार को नगर परिषद की टीम ने मनमाने ढंग से ठेले लगाने वाले व्यापारियों को चिन्हित कर कार्रवाई की। इस दौरान कुछ ठेला संचालकों का सामान जब्त किया गया और जुर्माना भी वसूला गया।

नगर परिषद सभापति मेवा चौधरी एवं आयुक्त दलीप पूनिया ने बताया कि सब्जी मंडी क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाने और आमजन की आवाजाही सुगम करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मंडी और मुख्य सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से ठेले लगाए जाने से यातायात प्रभावित हो रहा था। जगह-जगह गंदगी फैलने से सफाई व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी। इसे देखते हुए नगर परिषद की टीम पिछले तीन दिनों से ठेला संचालकों को निर्धारित एवं व्यवस्थित स्थान पर ठेले लगाने की समझाइश दे रही थी।

इसके बावजूद कुछ व्यापारियों ने मनमाने ढंग से ठेले लगाना जारी रखा। सोमवार को नगर परिषद की टीम मौके पर पहुंची और ऐसे ठेला संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की। टीम ने सामान जब्त करने के साथ नियमानुसार जुर्माना वसूला। संबंधित लोगों को भविष्य में सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर अव्यवस्थित तरीके से ठेला नहीं लगाने के लिए पाबंद भी किया गया।

सभापति मेवा चौधरी ने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था और आमजन की सुविधा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। सब्जी मंडी और मुख्य सड़क पर गंदगी फैलाने तथा अव्यवस्थित तरीके से ठेले लगाने की स्थिति कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर परिषद का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि मंडी क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाना है। इसके लिए व्यापारियों और आमजन का सहयोग भी जरूरी है।

आयुक्त दलीप पूनिया ने स्पष्ट किया कि नगर परिषद की ओर से स्वच्छता एवं व्यवस्था को लेकर अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने व्यापारियों से नगर परिषद का सहयोग करने, निर्धारित व्यवस्था का पालन करने और मंडी क्षेत्र को साफ-सुथरा बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की।

कार्रवाई के दौरान स्वास्थ्य निरीक्षक शिवराम मीना, जमादार मनोज कलोशिया, वीरेंद्र, आशाराम सहित नगर परिषद के अन्य कार्मिक मौजूद रहे।

Tags: