सवाई माधोपुर: निकाय चुनाव 2026 के लिए एरिया मजिस्ट्रेट नियुक्त
स्वतंत्र और शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए जिला कलेक्टर काना राम ने आदेश जारी किए, दो चरणों में होगी वोटिंग।
नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 की मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सवाई माधोपुर जिले में चरणवार एरिया मजिस्ट्रेट एवं प्रभारी अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट काना राम ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं।
जिले में प्रथम चरण का मतदान 9 सितम्बर को सवाई माधोपुर, खण्डार एवं बौंली में होगा। इन क्षेत्रों में 8 सितम्बर से एरिया मजिस्ट्रेट एवं प्रभारी अधिकारी मतदान समाप्ति तथा मतदान दलों की वापसी तक अपने निर्धारित क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था, शांतिपूर्ण मतदान एवं आवश्यक प्रशासनिक समन्वय सुनिश्चित करेंगे। द्वितीय चरण का मतदान 11 सितम्बर को गंगापुर सिटी, वजीरपुर एवं बामनवास में होगा। इन क्षेत्रों में 10 सितम्बर से एरिया मजिस्ट्रेट एवं प्रभारी अधिकारी अपने दायित्व संभालेंगे।
प्रथम चरण एवं द्वितीय चरण के लिए अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट सवाई माधोपुर संजय शर्मा एवं अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट गंगापुर सिटी सुदर्शन सिंह तोमर को सम्पूर्ण प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। प्रथम चरण के दौरान नगर निकाय सवाई माधोपुर के लिए उपखण्ड अधिकारी मांगीलाल, नगर निकाय खंडार के लिए उपखण्ड अधिकारी सविता शर्मा तथा नगर निकाय बौंली के लिए उपखंड अधिकारी राजेश कुमार मीणा को प्रभारी अधिकारी बनाया गया है। निर्धारित क्षेत्रों में एरिया एवं जोनल मजिस्ट्रेटों को भी दायित्व सौंपे गए हैं।
द्वितीय चरण में नगर निकाय गंगापुर सिटी के लिए उपखण्ड अधिकारी विनोद कुमार, नगर निकाय वजीरपुर के लिए उपखण्ड अधिकारी महिपाल सिंह तथा नगर निकाय बामनवास के लिए उपखंड अधिकारी नीतू मीना को प्रभारी अधिकारी बनाया गया है। गंगापुर सिटी, वजीरपुर एवं बामनवास के निर्धारित वार्डों एवं क्षेत्रों में एरिया एवं जोनल मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है।
जिला कलक्टर काना राम ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण एवं निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील परिस्थितियों में तत्काल आवश्यक कार्रवाई तथा निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों के साथ प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने के लिए भी निर्देशित किया गया है। जिला पुलिस अधीक्षक को संबंधित अधिकारियों के समन्वय से आवश्यक पुलिस जाप्ता एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन का उद्देश्य नगरीय निकाय चुनाव की पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष, शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं व्यवस्थित वातावरण में सम्पन्न कराना है।