सवाई माधोपुर: 6 नगरीय निकायों में उपसभापति व उपाध्यक्ष चुनाव के नतीजे घोषित
भाजपा ने 4 और कांग्रेस ने 2 निकायों पर जमाया कब्जा; सवाई माधोपुर में माया गोयल और गंगापुर सिटी में मुजाहिद खान बने उपसभापति।
तस्वीर में निर्वाचन अधिकारी से जीत का प्रमाण पत्र प्राप्त करती हुई नवनिर्वाचित महिला प्रत्याशी।
नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत सवाई माधोपुर जिले की 6 नगरीय निकायों में उपसभापति और उपाध्यक्ष पदों के निर्वाचन के परिणाम मंगलवार, 22 सितम्बर को घोषित किए गए। नगर परिषद सवाई माधोपुर में भाजपा प्रत्याशी माया गोयल और नगर परिषद गंगापुर सिटी में कांग्रेस प्रत्याशी मुजाहिद खान उपसभापति निर्वाचित हुए। वहीं नगरपालिका बामनवास में कांग्रेस प्रत्याशी श्यामलाल मीणा, वजीरपुर में भाजपा प्रत्याशी असकर, बौंली में भाजपा की दीपा तथा खण्डार में भाजपा के द्वारिका प्रसाद उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय शर्मा ने बताया कि नगर परिषद सवाई माधोपुर में कुल 60 निर्वाचक सदस्यों में से 57 ने मतदान किया। एक मत निरस्त होने के बाद 56 मत वैध रहे। भाजपा की माया गोयल को 40 मत मिले, जबकि कांग्रेस के निकटतम प्रतिद्वंद्वी विनोद कुमार को 16 मत प्राप्त हुए। माया गोयल ने 24 मतों के अंतर से निर्वाचन जीता।
नगर परिषद गंगापुर सिटी में सभी 60 निर्वाचक सदस्यों ने मतदान किया और सभी 60 मत वैध रहे। कांग्रेस के मुजाहिद खान को 38 मत मिले, जबकि भाजपा की निकटतम प्रतिद्वंद्वी चतरो देवी को 22 मत प्राप्त हुए। मुजाहिद खान ने 16 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।
नगरपालिका बामनवास में कांग्रेस के श्यामलाल मीणा और नगरपालिका वजीरपुर में भाजपा के असकर उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए। दोनों निकायों में उपाध्यक्ष पद के लिए मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ी।
नगरपालिका बौंली में कुल 25 निर्वाचक सदस्यों ने मतदान किया और सभी 25 मत वैध रहे। भाजपा की दीपा को 13 मत तथा कांग्रेस के अर्जुन को 12 मत मिले। दीपा ने 1 मत के अंतर से निर्वाचन जीता।
इसी प्रकार नगरपालिका खण्डार में सभी 25 निर्वाचक सदस्यों ने मतदान किया और सभी मत वैध रहे। भाजपा के द्वारिका प्रसाद को 13 मत तथा कांग्रेस के अतर सिंह को 12 मत प्राप्त हुए। द्वारिका प्रसाद ने 1 मत के अंतर से जीत दर्ज की।
इस प्रकार नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत जिले की सभी 6 नगरीय निकायों में उपसभापति एवं उपाध्यक्ष पदों के निर्वाचन की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूरी हुई।