सवाई माधोपुर में देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर पर्यटन अनुभव को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने टूरिस्ट हेल्पलाइन नंबर 07462-251251 शुरू करने का निर्णय लिया है। यह हेल्पलाइन 1 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। इसे पुलिस अधीक्षक कार्यालय के कमरा नंबर-18 में स्थापित किया गया है, जहां 24×7 कर्मचारी और अधिकारी पर्यटकों की सेवा के लिए तत्पर रहेंगे।

पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेई IPS की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, टूरिस्ट हेल्पलाइन का उद्देश्य पर्यटकों को एक ही संपर्क माध्यम से पर्यटन से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना है। साथ ही पर्यटकों की समस्याओं, शिकायतों और सुझावों को संबंधित विभाग एवं अधिकारियों तक पहुंचाकर उचित सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

हेल्पलाइन के माध्यम से रणथंभौर राष्ट्रीय उद्यान, पर्यटन स्थलों, ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों तथा आसपास के प्रमुख दर्शनीय स्थानों की जानकारी उपलब्ध कराई जा सकेगी। रणथंभौर सफारी से संबंधित सामान्य जानकारी, निर्धारित नियमों, समय और आवश्यक दिशा-निर्देशों के संबंध में भी पर्यटकों का मार्गदर्शन किया जाएगा।

पर्यटकों को रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, होटल, पर्यटन स्थल तथा अन्य प्रमुख स्थानों तक पहुंचने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा क्षेत्र में उपलब्ध होटल, रेस्टोरेंट, पार्किंग, भोजन, पेयजल, शौचालय तथा अन्य आवश्यक पर्यटन सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी दी जा सकेगी।

पर्यटकों से प्राप्त सुझाव और फीडबैक भी दर्ज किए जाएंगे तथा पर्यटन व्यवस्था में सुधार के लिए उन्हें संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा।

टूरिस्ट हेल्पलाइन पर पर्यटकों की समस्या, शिकायत या सहायता संबंधी अनुरोध मिलने पर 15 मिनट के भीतर प्रारंभिक प्रतिक्रिया या सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। गंभीर अथवा संबंधित विभाग के स्तर पर समाधान आवश्यक होने वाली शिकायतों को तत्काल संबंधित अधिकारी या विभाग तक पहुंचाकर आगे की कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा।

पुलिस ने पर्यटकों को रणथंभौर नेशनल पार्क में सफारी की ऑनलाइन बुकिंग को लेकर भी सावधान किया है। सफारी की ऑनलाइन टिकट बुकिंग वन विभाग की ओर से जारी अधिकृत वेबसाइट https://booking.forestrajasthan.com के माध्यम से ही कराने को कहा गया है। ऑफलाइन सफारी टिकट बुकिंग के लिए बुकिंग विंडो रोडवेज डिपो के पास वन विभाग के सरकारी कार्यालय से ही बुकिंग कराने की बात कही गई है।

पुलिस ने चेतावनी दी है कि गूगल पर कई प्रकार की बुकिंग के लिए मोबाइल नंबर और फर्जी वेबसाइटों का प्रचार-प्रसार किया हुआ है। पर्यटकों से कहा गया है कि वे किसी भी प्रकार के झांसे में न आएं।

पर्यटकों के लिए टूरिस्ट हेल्पलाइन नंबर 07462-251251 और व्हाट्सऐप नंबर 9530437072 जारी किया गया है।

Tags: