सवाई माधोपुर शिविर में अधिकारी एक ग्रामीण को सरकारी दस्तावेज सौंपते हुए।

पंचायत समिति सवाई माधोपुर में आयोजित विशिष्ट स्वास्थ्य सेवा अभियान का विशेष शिविर ग्रामीणों के लिए विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने का माध्यम बना। शिविर में दोदरी, करमोदा, सूरवाल, छारोदा, मैनपुरा, गोगोर, दोबड़ा कला, मखौली एवं सेलू सहित 9 ग्राम पंचायतों के करीब 2 हजार 500 लाभार्थियों ने भाग लिया।

शिविर के दौरान मोहम्मद अली पुत्र अयूब, निवासी सूरवाल के भूमि संबंधी नाम दुरुस्तीकरण की कार्यवाही मौके पर की गई। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 28 लाभार्थियों को द्वितीय एवं 34 लाभार्थियों को तृतीय किश्त जारी की गई। वहीं ग्रामीणों को 10 आवासीय पट्टे वितरित किए गए।

स्वच्छ भारत मिशन के तहत 43 व्यक्तिगत शौचालय स्वीकृत करने के साथ सामुदायिक शौचालय को क्रियाशील करने की कार्यवाही की गई। स्वच्छता के लिए 22 मैजिक पिट/शोकपिट भी स्वीकृत किए गए।

शिविर में विभिन्न ग्राम पंचायतों के पट्टों का वितरण किया गया। आमजन की समस्याओं एवं विभागीय प्रकरणों को मौके पर सुना गया और संबंधित अधिकारियों ने आवश्यक कार्यवाही करते हुए अनेक प्रकरणों का समाधान किया। इससे ग्रामीणों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने के बजाय एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाओं और योजनाओं का लाभ मिल सका।

विकास अधिकारी रमेश चंद मीणा, सहायक विकास अधिकारी प्रकाश त्रिवेदी, सतीश सेन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी शिविर में उपस्थित रहे। स्वास्थ्य सेवाओं के साथ आवास, स्वच्छता एवं राजस्व संबंधी सेवाओं की उपलब्धता ने शिविर को ग्रामीणों के लिए सुविधा, राहत और समाधान का प्रभावी माध्यम बनाया।

Tags: