बुधवार को हिंडौन नगर परिषद को मिलेगा नया नेतृत्व, विजय चतुर्वेदी संभालेंगी पदभार
हिंडौन नगर परिषद की नवनिर्वाचित सभापति विजय चतुर्वेदी 23 सितंबर को सुबह 11:15 बजे पदभार ग्रहण करेंगी। निर्विरोध निर्वाचन के बाद नए बोर्ड के सामने सड़क, जलभराव, पेयजल और सफाई समेत कई अहम चुनौतियां हैं।
तस्वीर में हिंडौन नगर परिषद की नवनिर्वाचित सभापति विजय चतुर्वेदी (बीच में पीले वस्त्रों में) और उनके साथ मौजूद समर्थक एवं पार्षद विक्ट्री साइन दिखाते हुए नजर आ रहे हैं।
हिंडौन सिटी। हिंडौन नगर परिषद की नवनिर्वाचित सभापति विजय चतुर्वेदी बुधवार, 23 सितंबर को सभापति पद का विधि-विधान से पदभार ग्रहण करेंगी। नगर परिषद में सुबह 11:15 बजे पदभार ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और नगर परिषद के नवनिर्वाचित पार्षदों में उत्साह है।
भाजपा मंडल अध्यक्ष हिंडौन शहर बबली चतुर्वेदी ने बताया कि सभापति विजय चतुर्वेदी निर्धारित समय पर नगर परिषद पहुंचकर विधि-विधान के साथ सभापति पद की जिम्मेदारी संभालेंगी। पदभार ग्रहण कार्यक्रम में नगर परिषद के सभी नवनिर्वाचित पार्षदों के साथ भाजपा के प्रदेश एवं जिले के पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा शहर के गणमान्य नागरिकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है।
नगर परिषद में सभापति पद के लिए विजय चतुर्वेदी का निर्विरोध निर्वाचन हुआ है। इसके बाद अब वे बुधवार को औपचारिक रूप से पदभार संभालेंगी। पदभार ग्रहण के साथ ही नगर परिषद के नए बोर्ड के कामकाज की शुरुआत होगी।
नए बोर्ड के सामने शहर की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कई अहम मुद्दे हैं। इनमें सड़क, नाली-नालों की व्यवस्था, जलभराव, साफ-सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाइट सहित शहर के विकास कार्य प्रमुख हैं। शहर में लंबे समय से जलभराव की समस्या को देखते हुए ड्रेनेज सिस्टम के लिए प्रस्तावित 71 करोड़ रुपए की योजना का प्रभावी क्रियान्वयन भी नई सभापति के लिए महत्वपूर्ण रहेगा।
भाजपा मंडल अध्यक्ष बबली चतुर्वेदी ने शहरवासियों और पार्टी कार्यकर्ताओं से पदभार ग्रहण कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। बुधवार को पदभार ग्रहण के साथ हिंडौन नगर परिषद के नए बोर्ड के कामकाज की औपचारिक शुरुआत होगी।