सवाई माधोपुर में पंचायतीराज चुनाव को लेकर निषेधाज्ञा लागू, 24 से 28 नवंबर तक रहेंगे प्रतिबंध
| सवाई माधोपुर में पंचायतीराज चुनाव-2026 के मद्देनजर जिला मजिस्ट्रेट काना राम ने धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की है। 24 से 28 नवम्बर तक सभा, जुलूस, सामूहिक आयोजन और मोबाइल उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा।
सवाई माधोपुर जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय में पंचायतीराज चुनाव की तैयारियों पर अधिकारियों के साथ बैठक करते जिला कलेक्टर दिख रहे हैं।
सवाई माधोपुर में पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत जिला प्रमुख, उप जिला प्रमुख, प्रधान एवं उपप्रधान पदों के निर्वाचन को शांतिपूर्ण, स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने निषेधाज्ञा लागू कर दी है। जिला मजिस्ट्रेट काना राम ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। आदेश 24 से 28 नवम्बर 2026 तक प्रभावी रहेंगे।
जारी आदेश के अनुसार, निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान जिले में पांच या अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने पर प्रतिबंध रहेगा। इसके साथ ही आमसभा, जुलूस और सभाओं के आयोजन की भी अनुमति नहीं होगी। चुनाव ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं अधिकृत कार्मिकों को छोड़कर अन्य व्यक्तियों के मोबाइल फोन, सेलुलर फोन और वायरलेस उपकरणों के उपयोग पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।
निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी प्रतिबंध जारी रहेंगे। किसी व्यक्ति, राजनीतिक दल, प्रत्याशी अथवा उनके समर्थकों द्वारा विजय जुलूस निकालने, समारोह आयोजित करने, सभा करने या किसी भी प्रकार का सामूहिक आयोजन करने पर रोक रहेगी।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 223 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिला मजिस्ट्रेट काना राम ने संबंधित अधिकारियों को आदेशों की पालना सुनिश्चित कराने और आमजन तक इन प्रतिबंधों की जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। पंचायतीराज चुनाव की निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने तक जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ये प्रतिबंध प्रभावी रहेंगे।