खांजना डूंगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अपहृत राजेश जैन को टोल पर कराया मुक्त
जयपुर के भाकरोटा थाना क्षेत्र से अपहृत राजेश जैन को सवाई माधोपुर में कुस्तला टोल प्लाजा पर नाकाबंदी कर पुलिस ने सकुशल दस्तयाब किया। चार आरोपी और ईको कार डिटेन, टीम को नगद ईनाम व प्रशंसा पत्र मिला।
तस्वीर में सवाई माधोपुर जिले के रवांजना डूंगर पुलिस थाने के तीन पुलिसकर्मी (बाएं से दाएं: कानि. शाहिद खान, हैड कानि. सुमेर सिंह और कानि. सत्येन्द्र) पुलिस थाने के बाहर खाकी वर्दी में खड़े हैं।
सवाई माधोपुर जिले के पुलिस थाना खांजना डूंगर की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जयपुर के पुलिस थाना भाकरोटा के सामने से अपहृत किए गए राजेश जैन को कुस्तला टोल प्लाजा पर नाकाबंदी कर सकुशल दस्तयाब कर लिया। पुलिस ने अपहरण की वारदात में शामिल चार आरोपियों को भी ईको कार सहित डिटेन किया।
पुलिस थाना खांजना डूंगर की इस कार्रवाई को प्रभावी रात्रिकालीन गश्त के निर्देशों की पालना में अंजाम दिया गया। सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी आईपीएस, पुलिस अधीक्षक जिला सवाई माधोपुर के निर्देश पर श्री विजय कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर तथा श्री रामधन चौधरी, पुलिस उप अधीक्षक वृत ग्रामीण सवाई माधोपुर के सुपरविजन में थानाधिकारी श्यामसुन्दर उ.नि. कार्रवाई कर रहे थे।
समय करीब 11.30 पीएम पर पुलिस थाना भाकरोटा, जिला जयपुर के थानाधिकारी ने फोन पर सूचना दी कि भाकरोटा पुलिस थाने के सामने स्थित पेट्रोल पम्प से राजेश जैन नामक व्यक्ति का चार अज्ञात बदमाशों ने अपहरण कर लिया है। बदमाश उसे ईको गाड़ी में डालकर ले गए हैं और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे से मुंबई की तरफ जा सकते हैं।
सूचना मिलते ही थानाधिकारी ने कस्बा स्वांजना चौड में गश्त कर रहे रात्रिकालीन गश्त प्रभारी श्री सुमेर सिंह, हैड कानि 376 को प्रभावी कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। इसके बाद थाने की टीम रवांजना चौड से रवाना होकर एक्सप्रेस वे टोल प्लाजा कुस्तला पहुंची और तत्काल मुस्तैदी से नाकाबंदी की।
नाकाबंदी के दौरान दौसा की तरफ से एक संदिग्ध ईको गाड़ी तेज गति से कुस्तला टोल प्लाजा पर पहुंची। पुलिस टीम ने गाड़ी को चारों तरफ से घेरकर पकड़ लिया। वाहन के अंदर बंधक बनाए गए अपहृत व्यक्ति राजेश जैन पुत्र मीठालाल निवासी मीरा रोड, ठाणे, मुंबई, महाराष्ट्र को चार बदमाशों समरथ, आयान शेख, करण साल्वे और मिखदाद शेख से सकुशल मुक्त कर दस्तयाब किया गया। पुलिस ने चारों बदमाशों तथा घटना में प्रयुक्त ईको कार को भी डिटेन कर लिया।
कार्रवाई की सूचना पुलिस थाना भाकरोटा को दी गई। इसके बाद पुलिस थाना भाकरोटा की टीम कुस्तला टोल प्लाजा पहुंची, जहां अपहृत व्यक्ति राजेश जैन, चारों बदमाशों और ईको गाड़ी को पुलिस थाना भाकरोटा की टीम के सुपुर्द किया गया।
पुलिस थाना रवांजना डूंगर की पुलिस टीम की सक्रियता, त्वरित कार्रवाई, कड़ी मेहनत, लग्न और कर्तव्यपरायणता को सराहनीय माना गया। सराहनीय कार्य के लिए श्रीमान पुलिस उपायुक्त, आयुक्तालय जयपुर पश्चिम द्वारा पुलिस थाना रवांजना डूंगर की टीम के प्रत्येक सदस्य श्री सुमेर सिंह, हैड कानि 376, श्री सत्येन्द्र, कानि 1408 और श्री शाहिद खान, कानि 1645 को 1000-1000 रुपये का नगद ईनाम मय प्रशंसा पत्र प्रदान किया गया।
इस कार्रवाई में विशेष भूमिका थानाधिकारी श्याम सुन्दर उ.नि., पुलिस थाना रवांजना डूंगर, श्री सुमेर सिंह, हैड कानि 376, पुलिस थाना रवांजना डूंगर, श्री सत्येन्द्र, कानि 1408, पुलिस थाना रवांजना डूंगर तथा श्री शाहिद खान, कानि 1645, पुलिस थाना खांजना डूंगर की रही। कुस्तला टोल प्लाजा पर की गई त्वरित नाकाबंदी से अपहृत व्यक्ति को सकुशल दस्तयाब करने के साथ चार आरोपियों और घटना में प्रयुक्त वाहन को पुलिस के कब्जे में लिया गया।