तस्वीर में गंगापुर सिटी के अग्रवाल पब्लिक स्कूल परिसर में अतिथि और शिक्षक विद्यार्थियों को निशुल्क स्कूल बैग व ड्रेस वितरित करते हुए नजर आ रहे हैं, जबकि बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं जमीन पर बैठे हुए हैं।

गंगापुर सिटी। अग्रवाल शिक्षण संस्थान की ओर से शिक्षा के प्रति प्रोत्साहन और बच्चों के उज्जवल भविष्य के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए अग्रवाल बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में अग्रवाल पब्लिक स्कूल के कक्षा एक से आठवीं तक के सभी विद्यार्थियों को नि:शुल्क स्कूल बैग एवं ड्रेस वितरित की गई। नि:शुल्क स्कूल बैग और ड्रेस पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे।

विद्यालय सचिव सुरेंद्र कुमार मित्तल ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ अग्रवाल शिक्षण संस्थान अध्यक्ष दीनदयाल गुप्ता मच्छीपुरा वाले, महामंत्री गिर्राज प्रसाद गुप्ता अकाउंटेंट, विद्यालय सचिव सुरेंद्र कुमार मित्तल, वाहन सचिव राजेंद्र प्रसाद गुप्ता अकाउंटेंट, संयोजक निर्माण ओमप्रकाश गुप्ता पूर्व प्रबंधक पीएनबी, कार्यकारणी सदस्य विष्णु अग्रसेन दाल वाले, राजकुमार गोयंका, मुरारी लाल गुप्ता कुनकट्टा वाले, शंभू दयाल अग्रवाल, रिद्धि चंद्र अग्रवाल नारौली वाले तथा अध्यक्ष अग्रवाल कर्मचारी विकास समिति राधा मोहन जी गोयल ने मां शारदे के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद अग्रवाल पब्लिक स्कूल के कक्षा एक से आठवीं तक हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम के सभी विद्यार्थियों को नि:शुल्क स्कूल ड्रेस एवं बैग वितरित किए गए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अग्रवाल शिक्षण संस्थान अध्यक्ष दीनदयाल गुप्ता ने कहा कि नि:शुल्क स्कूल बैग एवं ड्रेस वितरण बच्चों के शिक्षा के मार्ग को और अधिक सरल एवं प्रेरणादायी बनाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि अग्रवाल शिक्षण संस्थान का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान देना ही नहीं, बल्कि उन्हें अच्छे संस्कार, आत्मविश्वास और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देना भी है।

महामंत्री गिर्राज प्रसाद गुप्ता अकाउंटेंट ने कहा कि जब समाज और शिक्षण संस्थान मिलकर बच्चों की शिक्षा का संकल्प लेते हैं, तब हर बच्चे के सपनों को नई उड़ान मिलती है। उन्होंने बच्चों को आशीर्वचन देते हुए कहा कि वे मन लगाकर पढ़ाई करें तथा जीवन में सदैव मेहनत, अनुशासन और ईमानदारी से अपने उज्जवल भविष्य को आगे बढ़ाएं।

विद्यालय सचिव सुरेंद्र कुमार मित्तल ने कहा कि बच्चे हमारे देश का भविष्य हैं। प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिले, यही हमारा संकल्प है। इसी भावना के साथ संस्थान द्वारा यह प्रयास किया गया है कि विद्यार्थियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें और वे पूरे उत्साह एवं आत्मविश्वास के साथ अपनी शिक्षा जारी रख सकें।

इस अवसर पर अग्रवाल बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय प्रधानाचार्य गोपाल लाल गुप्ता, व्यवस्थापक जगमोहन पीपलिया एवं समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। अग्रवाल शिक्षण संस्थान की इस पहल के तहत विद्यार्थियों को आवश्यक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया, जिससे उन्हें शिक्षा जारी रखने में सहयोग और प्रोत्साहन मिल सके।

Tags: