तस्वीर में सवाई माधोपुर यातायात पुलिस का ड्राइवर गरिमा दिवस का बैनर दिखाई दे रहा है।

सवाईमाधोपुर, 17 सितंबर 2026। राजस्थान पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार तथा जिला पुलिस अधीक्षक श्री ज्येष्ठा मैत्रेयी (IPS) के निर्देशन में जिला पुलिस की ओर से 17 सितंबर को जिला स्तर पर "Driver Dignity Day- 2026" विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वाहन चालकों के योगदान, सम्मान एवं गरिमा को रेखांकित करते हुए जागरूकता और सम्मान का संदेश दिया गया।

'ड्राइवर्स डिग्निटी डे' (Drivers Dignity Day - 2026) आयोजन का मुख्य उद्देश्य वाहन चालकों के योगदान को सम्मान देना तथा सड़क सुरक्षा एवं सुरक्षित परिवहन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना रहा। इसके तहत जिला पुलिस ने जिलेभर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए।

हम्मीर सर्किल पर ऑटो चालकों, बस चालकों तथा निजी वाहनों के चालकों का सम्मान किया गया। इसके साथ ही ट्रेफिक पुलिस विभाग में पदस्थ पुलिस वाहन चालकों को भी उनकी समर्पित सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी चालकों को प्रत्येक सड़क उपयोगकर्ता का सम्मान करने, अपने साथी चालकों के लिए गरिमा, विश्वास और सुरक्षा बनाए रखने तथा सकुशल, सरल एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए शपथ दिलाई गई। चालकों को यातायात नियमों का पूर्णतः पालन करने के लिए भी प्रेरित किया गया। साथ ही उन्हें संदेश दिया गया कि वे स्वयं सुरक्षित ड्राइविंग करने के साथ अन्य नागरिकों के लिए भी एक मिसाल पेश करें।

इस अवसर पर आमजन से भी वाहन चालकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने, उनके कार्य की गरिमा का सम्मान करने तथा सड़क पर धैर्य एवं जिम्मेदारी के साथ व्यवहार करने का आह्वान किया गया।

जिला पुलिस की ओर से समस्त वाहन चालकों एवं जिलावासियों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, सीट बेल्ट और हेलमेट का उपयोग करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने तथा नशे की स्थिति में वाहन नहीं चलाने की अपील की गई। ड्राइवर्स डिग्निटी डे के आयोजन के माध्यम से वाहन चालकों के सम्मान के साथ सड़क सुरक्षा और सुरक्षित परिवहन के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।

Tags: