तस्वीर में पचीपल्या विद्यालय के विकास के लिए अधिकारियों को चेक सौंपते लोग दिख रहे हैं।

राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पचीपल्या में भौतिक विकास कार्यों के लिए विद्यालय स्टाफ और ग्रामवासी भामाशाहों ने 1 लाख 35 हजार रुपए की सहयोग राशि प्रदान की है। मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना के तहत इस राशि पर करीब 2 लाख 2 हजार रुपए का अतिरिक्त राज्यांश उपलब्ध कराया जाएगा। इससे विद्यालय में कुल लगभग 3 लाख 37 हजार रुपए के विकास कार्य कराए जाएंगे।

जिले में शिक्षा के क्षेत्र में जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग द्वारा संचालित अभिनव पहल “भविष्य की उड़ान” तथा मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना ग्रामीण क्षेत्रों के राजकीय विद्यालयों के भौतिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इसी क्रम में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पचीपल्या के विकास के लिए विद्यालय स्टाफ एवं ग्रामवासी भामाशाहों ने 1 लाख 35 हजार रुपए की सहयोग राशि जुटाई।

विद्यालय विकास के लिए प्राप्त इस राशि का चेक मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना के अंतर्गत जमा कराने के लिए विद्यालय की प्रधानाचार्या पुष्पा मीणा एवं ग्रामवासियों ने एडीपीसी समग्र शिक्षा हरकेश मीणा की उपस्थिति में जिला कलक्टर काना राम को सौंपा।

इस अवसर पर जिला कलक्टर काना राम ने कहा कि “भविष्य की उड़ान” नवाचार के तहत स्थानीय समुदाय, भामाशाहों एवं विद्यालय स्टाफ की सक्रिय भागीदारी से शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव संभव हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय विकास में समाज की सहभागिता न केवल भौतिक संसाधनों को मजबूत करती है, बल्कि विद्यालय एवं समुदाय के बीच बेहतर जुड़ाव भी स्थापित करती है।

एडीपीसी समग्र शिक्षा हरकेश मीणा ने कहा कि जनसहयोग से राजकीय विद्यालयों में आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। इससे विद्यार्थियों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने में सहायता मिल रही है।

कार्यक्रम अधिकारी, समग्र शिक्षा हेमराज मीणा के अनुसार, मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना के प्रावधानों के तहत विद्यालय को प्राप्त 1 लाख 35 हजार रुपए की जनसहयोग राशि पर लगभग 2 लाख 2 हजार रुपए का अतिरिक्त राज्यांश उपलब्ध कराया जाएगा। इस प्रकार विद्यालय को विकास कार्यों के लिए कुल लगभग 3 लाख 37 हजार रुपए की राशि प्राप्त होगी।

उन्होंने बताया कि उपलब्ध राशि का उपयोग विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए शौचालय निर्माण, आवश्यक मरम्मत कार्यों सहित अन्य भौतिक संसाधनों के विकास में किया जाएगा। इस पहल से पचीपल्या राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में जरूरी भौतिक सुविधाओं के विकास के लिए जनसहयोग और सरकारी सहायता को एक साथ जोड़ा गया है।

Tags: