सवाई माधोपुर में ऑटो-टैक्सी चालकों को मिलेंगे सरकारी योजनाओं के लाभ, अभियान शुरू
सवाई माधोपुर में ऑटो-टैक्सी चालकों के लिए विशेष अभियान शुरू होगा। आयुष्मान भारत, जीवन ज्योति और दुर्घटना बीमा योजनाओं का मिलेगा लाभ।
सवाई माधोपुर में परिवहन विभाग ने जिले के सभी ऑटो एवं टैक्सी चालकों को विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। अभियान के तहत पात्र ऑटो एवं टैक्सी चालकों का शत-प्रतिशत पंजीकरण कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह पहल राज्य सरकार के राजस्थान संकल्प पत्र-2023 में किए गए प्रावधानों के अनुरूप की जा रही है।
जिला परिवहन अधिकारी अभिजीत सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान ऑटो एवं टैक्सी चालकों को उनकी पात्रता के अनुसार विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा। इनमें आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाएं शामिल हैं।
आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र परिवारों को सरकारी एवं निजी अस्पतालों में प्रति परिवार प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक के कैशलेस उपचार की सुविधा मिलती है। इससे पात्र परिवारों को गंभीर बीमारी की स्थिति में उपचार के लिए आर्थिक सहायता मिल सकेगी।
वहीं, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के पात्र व्यक्ति की मृत्यु होने पर नामित व्यक्ति को 2 लाख रुपये की बीमा राशि का प्रावधान है।
इसी प्रकार प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत दुर्घटना में मृत्यु अथवा पूर्ण विकलांगता की स्थिति में 2 लाख रुपये तथा आंशिक विकलांगता की स्थिति में 1 लाख रुपये का बीमा कवर मिलता है।
जिला परिवहन अधिकारी ने बताया कि पात्र ऑटो एवं टैक्सी चालकों को इन योजनाओं से जोड़ने के लिए अभियान के तहत पंजीकरण कराया जाएगा। योजनाओं के लिए पात्रता की जांच pmjay.gov.in पर की जा सकती है। परिवहन विभाग की इस पहल का उद्देश्य जिले के पात्र ऑटो एवं टैक्सी चालकों को उपलब्ध जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करना है।