सवाई माधोपुर पंचायती राज चुनाव 2026: नामांकन प्रक्रिया तेज, दूसरे दिन दाखिल हुए इतने पर्चे
दूसरे दिन जिला परिषद और चार पंचायत समितियों के लिए प्रत्याशियों ने निर्वाचन अधिकारियों के समक्ष पर्चे दाखिल किए।
सवाई माधोपुर में पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत जिला परिषद और चार पंचायत समितियों के सदस्य पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया जारी है। नामांकन के दूसरे दिन जिला परिषद के 11 प्रत्याशियों ने 14 नामांकन पत्र दाखिल किए, जबकि पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए 29 अभ्यर्थियों ने कुल 31 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर काना राम ने बताया कि पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत जिला परिषद के साथ बामनवास, बौंली, खण्डार और मलारना डूंगर पंचायत समितियों के सदस्य पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया चल रही है। दूसरे दिन चारों पंचायत समितियों में अभ्यर्थियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।
पंचायत समिति वार आंकड़ों के अनुसार, बामनवास पंचायत समिति में 10 अभ्यर्थियों ने 10 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए। बौंली पंचायत समिति में 10 अभ्यर्थियों ने 8 नामांकन पत्र दाखिल किए। खण्डार पंचायत समिति में 9 अभ्यर्थियों ने 9 नामांकन पत्र जमा कराए, जबकि मलारना डूंगर पंचायत समिति में 2 अभ्यर्थियों ने 2 नामांकन पत्र दाखिल किए। इस प्रकार चारों पंचायत समितियों में दूसरे दिन कुल 29 अभ्यर्थियों ने 31 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए।
नामांकन प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थी 23 अक्टूबर को अपराह्न 3 बजे तक अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। इसके बाद 24 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से नामांकन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, अभ्यर्थी 26 अक्टूबर को अपराह्न 3 बजे तक अपने नाम वापस ले सकेंगे।
नाम वापसी की समय-सीमा समाप्त होते ही चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। इसके साथ ही चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी। आगामी निर्धारित तारीखों के साथ नामांकन, संवीक्षा और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव मैदान में उतरने वाले प्रत्याशियों की स्थिति स्पष्ट होगी।