सवाई माधोपुर में पंचायती राज चुनाव-2026 की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन आयोग की ओर से नियुक्त पर्यवेक्षक ब्रजेश कुमार चांदोलिया ने चुनावी तैयारियों का जायजा लेना शुरू कर दिया है। रविवार को उन्होंने पंचायत समिति बौंली के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान, जयपुर ने पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से पंचायती राज विभाग, राजस्थान, जयपुर के अतिरिक्त आयुक्त एवं संयुक्त शासन सचिव (प्रथम) ब्रजेश कुमार चांदोलिया को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। नियुक्ति के बाद चांदोलिया रविवार को सवाई माधोपुर पहुंचे और पंचायत समिति बौंली के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चुनाव प्रक्रिया से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान पर्यवेक्षक ब्रजेश कुमार चांदोलिया का प्रवास स्थल सर्किट हाउस, सवाई माधोपुर रहेगा। चुनाव से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत अथवा समस्या के समाधान के लिए आमजन, चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार और राजनीतिक दल उनसे संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए सर्किट हाउस के कमरा नंबर 110 में संपर्क करने की व्यवस्था की गई है।

इसके अलावा चुनाव संबंधी शिकायतें पर्यवेक्षक के मोबाइल नंबर 9414357961 पर भी दर्ज करवाई जा सकती हैं। निर्वाचन आयोग की ओर से की गई इस व्यवस्था के तहत आमजन, उम्मीदवारों और राजनीतिक दलों को चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी शिकायतें सीधे पर्यवेक्षक तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।

Tags: