सवाई माधोपुर में ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह के तीसरे दिन 3 नवंबर को जल संरक्षण को लेकर विशेष अभियान चलाया जाएगा। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की ओर से आयोजित इस अभियान में उपभोक्ताओं को पानी की बर्बादी रोकने और दैनिक जीवन में जल का विवेकपूर्ण उपयोग करने के प्रति जागरूक किया जाएगा।

अधीक्षण अभियंता, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, वृत्त सवाई माधोपुर हरज्ञान मीना ने बताया कि सप्ताह के तीसरे दिन की थीम ‘सेव वाटर’ (जल बचाएं) निर्धारित की गई है। इसके तहत विभागीय अधिकारी और कर्मचारी उपभोक्ताओं को जल संरक्षण के उपायों की जानकारी देंगे।

अभियान के दौरान उपभोक्ताओं से सभी जल कनेक्शनों पर टोंटी लगाने तथा पानी की आवश्यकता पूरी होने के बाद नल अनिवार्य रूप से बंद रखने की अपील की जाएगी। इसके साथ ही जलापूर्ति पाइपलाइनों में होने वाले लीकेज की पहचान कर उन्हें दुरुस्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी, जिससे पानी की अनावश्यक बर्बादी रोकी जा सके।

विभाग की ओर से आमजन को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए दैनिक जरूरतों में पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य जल की बर्बादी रोकने और पानी बचाने की आदत को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के प्रति उपभोक्ताओं को जागरूक करना है।

Tags: