सवाई माधोपुर। पंचायतीराज चुनाव-2026 के चतुर्थ चरण में सवाई माधोपुर जिले की चार पंचायत समितियों में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन के लिए 14 नवंबर को मतदान होगा, जबकि पंच और सरपंच पदों के लिए 16 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। जिले के 456 मतदान केंद्रों पर 3 लाख 93 हजार 424 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।

चतुर्थ चरण के तहत पंचायत समिति सवाई माधोपुर, वजीरपुर, चौथ का बरवाड़ा और गंगापुर सिटी में मतदान करवाने के लिए गठित मतदान दलों का अंतिम प्रशिक्षण 13 नवंबर 2026 को महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, साहूनगर, सवाई माधोपुर में आयोजित होगा। प्रशिक्षण के बाद मतदान दलों को मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा।

जिले की इन चार पंचायत समितियों की 117 ग्राम पंचायतों में जिला परिषद के 15, पंचायत समिति के 78 और ग्राम पंचायतों के 1219 वार्डों के लिए प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। चतुर्थ चरण में कुल 3 लाख 93 हजार 424 मतदाता मतदान कर सकेंगे। इनमें 1 लाख 84 हजार 708 महिला और 2 लाख 87 हजार 15 पुरुष मतदाता शामिल हैं। मतदान के लिए संबंधित पंचायत समिति क्षेत्रों में कुल 456 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम के निर्देशन में मतदान की सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन तंत्र पूरी तरह मुस्तैद है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि चारों पंचायत समितियों में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए 14 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। वहीं पंच और सरपंच पदों के लिए 16 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे।

चुनावी कार्यक्रम के अनुसार उप सरपंच के लिए 17 नवंबर, जिला प्रमुख के लिए 25 नवंबर, उप जिला प्रमुख के लिए 26 नवंबर, प्रधान के लिए 27 नवंबर और उप प्रधान के लिए 28 नवंबर को चुनाव होगा।

सवाई माधोपुर पंचायत समिति क्षेत्र में 143 मतदान केंद्रों पर कुल 1 लाख 17 हजार 964 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 62 हजार 532 पुरुष और 55 हजार 432 महिला मतदाता शामिल हैं।

चौथ का बरवाड़ा पंचायत समिति में 123 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यहां 53 हजार 359 पुरुष और 48 हजार 308 महिला सहित कुल 1 लाख 1667 मतदाता मतदान करेंगे।

गंगापुर सिटी पंचायत समिति में 115 मतदान केंद्रों पर 53 हजार 161 पुरुष एवं 46 हजार 924 महिला मतदाताओं सहित 1 लाख 86 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।

वजीरपुर पंचायत समिति क्षेत्र में 75 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। यहां 39 हजार 663 पुरुष और 34 हजार 44 महिला सहित कुल 73 हजार 707 मतदाता मतदान करेंगे।

चतुर्थ चरण में जिला परिषद के 15 वार्डों और चारों पंचायत समितियों के 78 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए चुनाव होगा। पंचायत समिति सदस्य के 78 निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 293 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें सवाई माधोपुर पंचायत समिति के 23 वार्डों में 82 प्रत्याशी, चौथ का बरवाड़ा के 21 वार्डों में 61 प्रत्याशी, गंगापुर सिटी के 19 वार्डों में 63 प्रत्याशी और वजीरपुर के 15 वार्डों में 87 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।

चारों पंचायत समितियों में मतदान दलों के अंतिम प्रशिक्षण और रवानगी के साथ ही मतदान की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच जाएंगी। 14 नवंबर को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों तथा 16 नवंबर को पंच-सरपंच पदों के लिए होने वाला मतदान जिले की पंचायतीराज चुनाव प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण होगा।

Tags: