सवाई माधोपुर जिले में पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और मतदान एवं मतगणना प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष तथा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सूखा दिवस घोषित किया है। राज्य सरकार के वित्त (आबकारी) विभाग के आदेशों की अनुपालना में जिले के संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों और उनकी 5 किलोमीटर की परिधि में निर्धारित अवधि तक शराब की बिक्री और वितरण पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय शर्मा ने बताया कि जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के चतुर्थ चरण के मतदान के मद्देनजर संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में 12 नवंबर को शाम 6 बजे से 14 नवंबर को शाम 6 बजे तक सूखा दिवस रहेगा। इसके बाद पंच एवं सरपंच के चतुर्थ चरण के मतदान के लिए 14 नवंबर को शाम 6 बजे से 16 नवंबर को शाम 6 बजे तक संबंधित क्षेत्रों में सूखा दिवस लागू रहेगा।

इसी तरह जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना के दिन 20 नवंबर को जिले की सभी पंचायत समिति क्षेत्रों में मतगणना समाप्त होने तक सूखा दिवस घोषित किया गया है।

प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित अवधि के दौरान संबंधित प्रतिबंधित क्षेत्रों में मदिरा की बिक्री एवं वितरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके तहत मदिरा की खुदरा दुकानों, थोक डिपो, होटल, बार, क्लब और रेस्टोरेंट को नियमानुसार बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रतिबंधित अवधि में शराब का भंडारण, परिवहन, विक्रय और वितरण भी अनुमत नहीं होगा।

पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के चतुर्थ चरण के मतदान और मतगणना को लेकर लागू किए गए इन प्रतिबंधों का दायरा संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों के साथ उनकी 5 किलोमीटर की परिधि तक रहेगा। प्रशासन ने निर्धारित समयावधि में आबकारी नियमों के तहत सूखा दिवस की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Tags: