हिंडौन में भाईदूज के अवसर पर बहन सोनल शर्मा ने भाई के माथे पर तिलक लगाकर मनाई खुशी।

हिंडौन सिटी। भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का प्रतीक भाईदूज का पर्व बुधवार को हर्षोल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर आरती उतारी और मिठाई खिलाकर उनकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं भाइयों ने भी बहनों को उपहार भेंट कर उनके प्रति अपना स्नेह प्रकट किया। घरों में पूजा-अर्चना के साथ पूरे दिन त्योहार की खुशियां और पारिवारिक रिश्तों की मिठास देखने को मिली।

जयपुर में अध्यापक बनने की तैयारी कर रही हिंडौन के किशन नगर निवासी सोनल शर्मा पुत्री मुकेश शर्मा ने भाईदूज के महत्व पर अपने विचार साझा करते हुए बताया कि यह पर्व महज एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि भाई-बहन के बीच अटूट रिश्ते और भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक है। भाईदूज पर बहनें अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र और खुशहाल जीवन की कामना करती हैं। यह परंपरा परिवार में प्रेम, विश्वास और एक-दूसरे के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करती है।

सोनल शर्मा ने बताया कि समय के साथ पढ़ाई और नौकरी के कारण भाई-बहन भले ही अलग-अलग शहरों में रहने लगे हैं, लेकिन त्योहार उनके रिश्तों की मिठास और आपसी जुड़ाव को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। भाईदूज पर तिलक और मिठाई के साथ मिलने वाली खुशियां जीवनभर यादगार रहती हैं। यही इस पर्व की सबसे बड़ी खूबसूरती है। भाईदूज की परंपरा के माध्यम से भाई-बहन के बीच स्नेह, विश्वास और पारिवारिक संबंधों की मजबूती का संदेश सामने आया।

Tags: