सवाई माधोपुर में पंचायत चुनाव को लेकर मतदान दलों को अंतिम प्रशिक्षण दिया गया।

सवाई माधोपुर जिले की चार पंचायत समितियों में मंगलवार को पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान होगा। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तीसरे चरण के तहत बामनवास, खण्डार, बौंली और मलारना डूंगर पंचायत समिति क्षेत्रों में मतदान के लिए सोमवार को जिला मुख्यालय से मतदान दल ईवीएम मशीनों और चुनाव सामग्री के साथ रवाना हुए। मतदान दल गुरुवार को संबंधित ग्राम पंचायतों में पंच-सरपंच पदों के चुनाव भी सम्पन्न करवाएंगे।

राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार, मंगलवार को जिले की चार पंचायत समिति क्षेत्रों के 16 जिला परिषद सदस्यों और 82 पंचायत समिति वार्डों के लिए ईवीएम से मतदान होगा। जिले की शेष चार पंचायत समिति क्षेत्रों के 15 जिला परिषद सदस्यों और 78 पंचायत समिति वार्डों के लिए 14 नवम्बर को मतदान होगा। इन दोनों चरणों के चुनाव की मतगणना 20 नवम्बर को सवाई माधोपुर जिला मुख्यालय पर होगी।

ग्राम पंचायतों में पंच-सरपंच पदों के लिए मतों की गिनती मतदान दिवस को ही की जाएगी और परिणाम घोषित किए जाएंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम के निर्देशन में मतदान दलों को जिला मुख्यालय स्थित पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, साहूजीनगर परिसर से रवाना होने से पहले अंतिम प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण के दौरान मतदान दलों के सदस्यों, एरिया मजिस्ट्रेट और जोनल मजिस्ट्रेट के रूप में नियोजित अधिकारियों तथा सुरक्षा बलों को निष्पक्ष, पारदर्शी और भयमुक्त चुनाव सम्पन्न कराने में उनकी भूमिका और कार्य-दायित्वों की जानकारी दी गई। साथ ही चुनाव प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक निर्देश भी दिए गए।

राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से नियोजित निर्वाचन पर्यवेक्षक एवं अतिरिक्त आयुक्त पंचायतीराज ब्रजेश कुमार चांदोलिया ने मतदान दलों को नियमानुसार चुनाव प्रक्रिया सम्पन्न कराने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अपने सम्बोधन में कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में मतदान दलों को सबसे अधिक संवेदनशील और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। इस जिम्मेदारी को पारदर्शिता और भेदभाव रहित तरीके से निभाना चाहिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने भी मतदान दलों को लोकतंत्र की भावना के अनुरूप निरपेक्ष भूमिका निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं, जिनकी पूरी तरह पालना करना आवश्यक है। किसी भी स्थिति में जोनल मजिस्ट्रेट, एरिया मजिस्ट्रेट और रिटर्निंग अधिकारी से जानकारी और निर्देश लिए जा सकते हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर काना राम ने बताया कि खण्डार, मलारना डूंगर, बामनवास और बौंली पंचायत समिति सदस्य तथा इन निर्वाचन क्षेत्रों से संबंधित जिला परिषद जोन के सदस्य पदों के चुनाव के लिए मतदान दल अपने निर्धारित मतदान केन्द्रों पर पहुंच गए हैं। चुनाव से पहले की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराने के लिए पर्याप्त मात्रा में सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।

इन पंचायत समिति क्षेत्रों में 3 नवम्बर 2026 को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। इसके बाद 5 नवम्बर को संबंधित ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के चुनाव और अगले दिन उपसरपंच पद के लिए चुनाव करवाए जाएंगे।

मतदाताओं से अधिकाधिक मतदान की अपील

जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने जिला परिषद, पंचायत समिति एवं ग्राम पंचायत चुनाव के तहत खंडार, चौथ का बरवाड़ा, बौंली और बामनवास पंचायत समितियों के मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में उत्साहपूर्वक भाग लेने और अधिकाधिक मतदान करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक मत लोकतंत्र को मजबूत बनाता है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदाताओं से मतदान अवश्य करके जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।

Tags: