हिंडोन। पंचायत चुनाव में जिला परिषद सदस्य पद को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हैं। इसी बीच जिला परिषद के वार्ड संख्या 7 से कांग्रेस प्रत्याशी मानसिंह मीना चुनाव मैदान में हैं। रानौली ग्राम पंचायत के पूर्व सरपंच रह चुके मानसिंह मीना अब जिला परिषद सदस्य बनने की तैयारी में हैं। उन्हें जिला प्रमुख पद के संभावित दावेदारों में भी शामिल माना जा रहा है।

मानसिंह मीना ने रानौली और आसपास के क्षेत्र में राजनीति के साथ समाजसेवा के जरिए अपनी पहचान बनाई है। उनका कहना है कि वे गरीब और जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए हमेशा आगे रहते हैं। क्षेत्र के लोगों के बीच सक्रियता और सामाजिक कार्यों में भागीदारी के आधार पर उन्होंने अपनी राजनीतिक जमीन तैयार की है।

चुनाव के बीच मानसिंह मीना ने कुछ विरोधियों पर उनकी छवि खराब करने के उद्देश्य से भ्रामक प्रचार करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उनके खिलाफ किसी भी प्रकार का आपराधिक मुकदमा दर्ज नहीं है। इसके बावजूद कुछ लोग झूठा प्रचार कर मतदाताओं के बीच उनकी छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं।

इस संबंध में मानसिंह मीना ने बताया कि उन्होंने निर्वाचन अधिकारी के समक्ष अपना शपथ पत्र प्रस्तुत किया है। इसमें उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि उनके खिलाफ किसी प्रकार का मुकदमा पाया जाता है तो नियमानुसार उनके विरुद्ध कार्रवाई की जा सकती है। उनका कहना है कि वे अपनी साफ-सुथरी छवि और सामाजिक कार्यों के आधार पर जनता से समर्थन मांग रहे हैं।

अब जिला परिषद वार्ड संख्या 7 के चुनाव में मानसिंह मीना की राजनीतिक पकड़, पूर्व सरपंच के रूप में निभाई गई जिम्मेदारी और क्षेत्र में बनाई गई पहचान कितनी प्रभावी साबित होती है, इसका फैसला चुनाव परिणाम के बाद होगा। साथ ही जिला प्रमुख पद की दौड़ में उनकी दावेदारी भी चुनावी नतीजों के बाद स्पष्ट होगी।

Tags: