तस्वीर में मानटाउन थाना पुलिस द्वारा सवाई माधोपुर के लोदीपुरा गांव से साइबर ठगी के मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपी राजकुमार और मनोज उर्फ बबलू दिखाई दे रहे हैं।

राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले में साइबर ठगी के खिलाफ मानटाउन थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें अपना बैंक खाता 5 हजार रुपये के लालच में साइबर ठगों को किराए पर देने वाला युवक और साइबर फ्रॉड का मुख्य आरोपी शामिल है। पुलिस ने दोनों को गांव लोदीपुरा से डिटेन कर थाने लाने के बाद गिरफ्तार किया।

यह कार्रवाई 01 नवंबर 2026 को जिला पुलिस अधीक्षक सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी आईपीएस के निर्देशन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर श्रीमती नेहा अग्रवाल और पुलिस उपाधीक्षक शहर सवाई माधोपुर श्री राजेंद्र कुमार के सुपरविजन में मानटाउन थाना प्रभारी सुनील कुमार गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने साइबर ठगों के खिलाफ कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजकुमार पुत्र श्री बजरंग, उम्र 27 वर्ष, जाति मीणा, निवासी खेड़ली कलां, थाना मानटाउन, जिला सवाई माधोपुर और मनोज उर्फ बबलू पुत्र श्री रामबाबू, उम्र 30 वर्ष, जाति मीणा, निवासी खेड़ली कलां, थाना मानटाउन, जिला सवाई माधोपुर के रूप में हुई है। राजकुमार बैंक खाते का खाताधारक है, जबकि मनोज उर्फ बबलू साइबर फ्रॉड का मुख्य आरोपी बताया गया है।

मामले का खुलासा 01 नवंबर 2026 को साइबर थाना जिला सवाई माधोपुर से प्राप्त संदिग्ध बैंक खातों (म्यूल अकाउंट्स) की सूची के विश्लेषण के दौरान हुआ। मानटाउन थाना पुलिस के सहायक उपनिरीक्षक जगराम ने इस सूची की जांच की। जांच में यूनियन बैंक शाखा सवाई माधोपुर के खाता संख्या 499902010028923 में नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज शिकायत संख्या 31307260054654 से संबंधित साइबर ठगी की रकम प्राप्त होने की जानकारी सामने आई।

यह शिकायत भारत सरकार के समन्वय पोर्टल के माध्यम से प्राप्त हुई थी। शिकायत के अनुसार, हरियाणा के यमुनानगर जिले के थाना साढौरा क्षेत्र के सिविल अस्पताल निवासी भावेश पुत्र सुधीर के साथ साइबर ठगी की गई थी।

पुलिस ने बैंक से खाताधारक की जानकारी हासिल करने के लिए अकाउंट ओपनिंग फॉर्म, बैंक स्टेटमेंट और मोबाइल नंबर प्राप्त किए। इन दस्तावेजों के आधार पर खाताधारक की पहचान राजकुमार पुत्र बजरंग, उम्र 27 वर्ष, जाति मीणा, निवासी खेड़ली कलां, थाना मानटाउन, जिला सवाई माधोपुर के रूप में हुई।

पूछताछ में सामने आया कि राजकुमार ने अपना बैंक खाता मनोज उर्फ बबलू को दे रखा था। मनोज उर्फ बबलू टेलीग्राम चैनल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों के जरिए आमजन को डमी मैसेज, लॉस कवर, मनी हेल्प ट्रेडिंग और फॉरेक्स ट्रेडिंग कंपनी के नाम पर प्रलोभन देकर साइबर ठगी करता था।

पुलिस ने इस कार्रवाई के संबंध में आरोपियों के खिलाफ प्रकरण संख्या 376/2026 दर्ज किया है। इसमें भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 319(2), 318(4), 112(2), 61(2)(ए) और आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से गहन अनुसंधान किया जा रहा है।

इस कार्रवाई में मानटाउन थाना प्रभारी सुनील कुमार गुप्ता, सहायक उपनिरीक्षक जगराम, साइबर सेल सवाई माधोपुर के साइबर हेड कांस्टेबल महेंद्र और कांस्टेबल राजकुमार तथा मानटाउन थाने के कांस्टेबल हरिसिंह (1133) शामिल रहे।

Tags: