सवाई माधोपुर के बौंली में पंचायतीराज चुनाव की तैयारियों को लेकर मतदान केंद्र का जायजा लेते जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम और पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी।

पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तृतीय चरण के मतदान से पहले सवाई माधोपुर जिले में निर्वाचन और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन ने तैयारियों का जायजा लिया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर काना राम तथा पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी ने शनिवार, 31 अक्टूबर को बौंली पंचायत समिति क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

दोनों अधिकारियों ने जस्टाना, उदगांव, मित्रपुरा एवं मोरण सहित विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने निर्वाचन संबंधी तैयारियों, मतदान केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं और सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने निर्देश दिए कि राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और आदर्श आचार संहिता का पूरी तरह पालन करते हुए मतदान प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराई जाए। उन्होंने सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त रोशनी, निर्बाध विद्युत आपूर्ति और जनरेटर के माध्यम से बिजली का वैकल्पिक प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा पेयजल सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा मतदान केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में मोबाइल फोन के उपयोग पर लागू प्रतिबंध की पालना कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं की सुविधाओं पर भी विशेष जोर दिया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि ऐसे मतदाताओं के सुगम आवागमन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएं, ताकि किसी को भी मतदान करने में परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। मतदान दलों के ठहरने और भोजन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मतदान केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात करने को कहा। उन्होंने निर्वाचन सामग्री एवं ईवीएम की सुरक्षा के लिए निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मतदान और मतगणना से जुड़ी व्यवस्थाओं में सतर्कता बरतने तथा सभी अधिकारी-कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियां निभाने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बौंली, तहसीलदार, विकास अधिकारी, वृत्ताधिकारी बौंली, थानाधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के इस निरीक्षण का उद्देश्य तृतीय चरण के मतदान के लिए निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं और सुरक्षा प्रबंधों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित करना रहा।

Tags: