नगर निकाय चुनाव 2026: गंगापुर सिटी में पहले दिन 11 उम्मीदवारों ने भरे नामांकन
सवाई माधोपुर जिले के 6 नगर निकायों में चुनाव प्रक्रिया शुरू हो गई। गंगापुर सिटी नगर परिषद में पहले दिन 11 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए। 31 अगस्त अंतिम तिथि है, जबकि मतदान 9 और 11 सितंबर को होगा।
सवाई माधोपुर जिले में नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 की चुनावी प्रक्रिया गुरुवार से शुरू हो गई। राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान के निर्देशानुसार जिले के सभी 6 नगर निकायों में संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों ने लोक सूचना जारी कर दी। इसके साथ ही सदस्य पदों के लिए नाम-निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू हो गई। नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त, 2026 निर्धारित की गई है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय शर्मा ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार जिले के 6 नगर निकायों के आम चुनाव दो चरणों में संपन्न होंगे। प्रथम चरण में नगर परिषद सवाई माधोपुर तथा नगर पालिका खण्डार और बौंली में निर्वाचन होगा। दूसरे चरण में नगर परिषद गंगापुर सिटी तथा नगर पालिका बामनवास और वजीरपुर में निर्वाचन कराया जाएगा।
नामांकन प्राप्त करने के पहले दिन गंगापुर सिटी नगर परिषद के विभिन्न वार्डों के लिए कुल 11 अभ्यर्थियों ने नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए। संजय शर्मा ने बताया कि आयोग के घोषित कार्यक्रम के तहत सदस्य पद के लिए संबंधित रिटर्निंग अधिकारी ने लोक सूचना जारी की है और 31 अगस्त, 2026 नाम निर्देशन-पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि है। 28 अगस्त और 30 अगस्त को सार्वजनिक अवकाश होने के कारण इन दोनों दिनों में नाम निर्देशन पत्र प्राप्त नहीं किए जाएंगे।
नामांकन प्रक्रिया के बाद 1 सितंबर, 2026 को नाम निर्देशन-पत्रों की संवीक्षा होगी। 3 सितंबर, 2026 को दोपहर 3 बजे तक अभ्यर्थिता वापस ली जा सकेगी। 4 सितंबर, 2026 को निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन किया जाएगा। प्रथम चरण के लिए मतदान 9 सितंबर, 2026 और द्वितीय चरण के लिए मतदान 11 सितंबर, 2026 को होगा। मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित किया गया है। मतगणना 14 सितंबर, 2026 को होगी।
अध्यक्षीय पदों के निर्वाचन के लिए लोक सूचना 15 सितंबर को जारी होगी। 16 सितंबर, 2026 को नाम निर्देशन-पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे और 17 सितंबर, 2026 को नाम निर्देशन-पत्रों की संवीक्षा की जाएगी। 18 सितंबर, 2026 को दोपहर 3 बजे तक अभ्यर्थिता वापस ली जा सकेगी। इसी दिन अभ्यर्थिता वापस लेने की समय-सीमा समाप्त होने के तुरंत बाद निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन किया जाएगा।
अध्यक्षीय पदों के लिए 21 सितंबर, 2026 को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होते ही मतगणना की जाएगी। वहीं उपाध्यक्षीय पदों के निर्वाचन की प्रक्रिया 22 सितंबर, 2026 को पूरी होगी। इस दिन सुबह 10 बजे बैठक शुरू होगी और सुबह 11 बजे तक नामांकन पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे। सुबह 11ः30 बजे से नाम निर्देशन-पत्रों की संवीक्षा होगी तथा दोपहर 2 बजे तक अभ्यर्थिता वापस ली जा सकेगी। आवश्यकता होने पर दोपहर 2ः30 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा और मतदान समाप्त होते ही मतगणना की जाएगी।
मतदान के दौरान मतदाता को पहचान के लिए मतदाता पहचान पत्र यानी ईपीआईसी प्रस्तुत करना होगा। जिन मतदाताओं के पास ईपीआईसी नहीं होगा, वे चुनाव की घोषणा किए जाने से पूर्व जारी 11 वैकल्पिक फोटोयुक्त दस्तावेजों में से किसी एक मूल दस्तावेज को प्रस्तुत कर सकेंगे।
इन वैकल्पिक दस्तावेजों में आधार कार्ड, विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण)/मनरेगा कार्ड, बैंकों या डाकघर द्वारा जारी फोटोयुक्त पासबुक, श्रम मंत्रालय की योजना के तहत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड/आयुष्मान भारत हेल्थ कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज, केन्द्र सरकार, राज्य सरकार, लोक उपक्रम या पब्लिक लिमिटेड कंपनियों द्वारा अपने कर्मचारियों को जारी फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र, सांसदों एवं विधानसभा सदस्यों को जारी सरकारी पहचान पत्र तथा यूनिक डिसएबिलिटी आईडी (यूडीआईडी) कार्ड शामिल हैं।
इस तरह जिले के 6 नगर निकायों में सदस्य पदों के नामांकन की प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 का चुनावी कार्यक्रम आगे बढ़ गया है। गंगापुर सिटी नगर परिषद में पहले ही दिन 11 अभ्यर्थियों के नामांकन दाखिल होने से नामांकन प्रक्रिया की शुरुआत दर्ज हुई है।