तस्वीर में सवाई माधोपुर के तेरापंथ भवन के भीतर सामायिक और एकासन धर्माराधना में बैठी महिलाएं और पुरुष नजर आ रहे हैं।

तेरापंथ भवन आदर्श नगर, सवाई माधोपुर में 26 अगस्त 2026 को तेरापंथ महिला मण्डल आदर्श नगर की ओर से गुरु इंगित के अनुसार पावस के महीने में सामायिक व एकासन के माध्यम से धर्माराधना की गई। महिला मण्डल के आव्हान पर 35 महिलाओं ने 108 से अधिक सामायिक की साधना की, जबकि 80 पुरुष एवं महिलाओं ने सामूहिक एकासन के माध्यम से तप सरिता में प्रवेश किया।

सामूहिक एकासन अनुष्ठान में पारणे की व्यवस्था एक महिला ने गुप्त रूप से की। तेरापंथ महिला मण्डल आदर्श नगर की अध्यक्ष मंजु जैन और मंत्री सीमा जैन ने बताया कि स्थानीय सभा, युवक परिषद एवं महिला मण्डल के सहयोग से चरित्रत्माओं के पावस प्रवास नहीं होने के बावजूद तेरापंथ भवन में धर्माराधना का क्रम निरन्तर जारी है।

तत्वज्ञ उपासक चन्द्रप्रकाशजी जैन, पूर्व प्रधानाचार्य के मार्गदर्शन में 13 अगस्त 2026 से नियमित रूप से धर्मसभा का आयोजन किया जा रहा है। सामायिक के संदर्भ में उन्होंने सामायिक को भगवान की आज्ञा बताते हुए इसे निर्जरा का अपूर्व साधन बताया। उन्होंने कहा कि सामायिक में मन, वचन और काया की दुष्प्रवर्तियों से बचना भी आवश्यक है। सामायिक साधना करने वाले व्यक्ति के जीवन में समता भाव भी दिखाई देना चाहिए।

इस अवसर पर वरिष्ठ उपासक रामेश्वर प्रसाद जी, पूर्व शिक्षा अधिकारी ने भी अपने महत्वपूर्ण विचार साझा किए और धर्माराधना के माध्यम से जीवन को उन्नत बनाने की प्रेरणा दी।

तेरापंथ महिला मण्डल आदर्श नगर की अध्यक्ष मंजु जैन और मंत्री सीमा जैन ने सामायिक पचरंगी एवं एकासन तप अनुष्ठान में सहयोग करने वाली महिला तथा इसमें भाग लेने वाले भाई-बहनों की प्रशंसा करते हुए आभार ज्ञापित किया। साथ ही 4 सितम्बर को आयोजित होने वाले आगामी आयम्बिल तप अनुष्ठान में अधिकाधिक संख्या में भाग लेने की अपील की।


प्रेषक : मधु सुरेश जैन, प्रचार मंत्री

Tags: